अंबेडकरनगर/लखनऊ :यूपी के अंबेडकरनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शनिवार शाम कांवड़ यात्रा देखने निकले दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। गर्मी से राहत पाने के लिए वे नलकूप परिसर स्थित एक पुराने कुएं में नहाने उतर गए थे, लेकिन गहराई और तैरना न आने के कारण यह उनका आखिरी स्नान बन गया। यह घटना कटेहरी थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव की है। गांव निवासी रणजीत के दो बेटे अभिजीत (12 वर्ष) और शिवा (9 वर्ष) शनिवार दोपहर करीब 4 बजे घर से निकले थे। उन्होंने परिवार को बताया कि वे कांवड़ यात्रा देखने जा रहे हैं। इसके बाद दोनों अपने दोस्तों के साथ गांव के राजकीय नलकूप के पास स्थित कुएं में पहुंचे, जहां नहाने की कोशिश में दोनों भाई डूब गए।
छोटे भाई ने डूबने पर घबराकर बड़े भाई को पकड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छोटा भाई पहले डूबने लगा तो उसने घबराकर बड़े भाई को पकड़ लिया। इससे दोनों पानी में समा गए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला। दोनों को सीएचसी कटेहरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
