नई दिल्ली : संसद के मॉनसून सत्र के बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने आज (गुरुवार) सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “सरकार खुद नहीं चाहती कि सदन ठीक से चले।” उनके अनुसार जब भी विपक्ष किसी गंभीर मुद्दे पर अपनी बात रखना चाहता है, उसे रोका जाता है या व्यवधान पैदा किया जाता है।
“हंगामा सत्ता पक्ष की रणनीति का हिस्सा”: प्रियंका गांधी
संसद परिसर में मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि “हम चर्चा की मांग कर रहे हैं, लेकिन हमें बोलने नहीं दिया जा रहा। बीते सत्र में मैंने देखा कि सत्ता पक्ष ने खुद हंगामा शुरू किया ताकि विपक्ष बोल ही न सके।”उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर ध्यान भटकाने वाले मुद्दे उठाती है। जिससे सदन की कार्यवाही बाधित हो।
बिहार में वोटर लिस्ट गड़बड़ी और SIR को लेकर घमासान
विपक्ष बिहार में SIR (Special Intensive Revision) के नाम पर मतदाता सूची में छेड़छाड़ के आरोप लगा रहा है। विपक्ष का कहना है कि इससे दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों के नाम सूची से गायब हो रहे हैं। इसी मुद्दे पर आज संसद परिसर में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, और अन्य विपक्षी सांसदों ने मिलकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
जानें क्या कहती है सरकार?
सरकार ने संकेत दिया है कि अगले सप्ताह ऑपरेशन सिंदूर जैसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी, लेकिन विपक्ष का कहना है कि जब तक बिहार में मतदाता सूची पर चर्चा नहीं होती, वे पीछे नहीं हटेंगे।
