बरेली : यूपी के बरेली देहात के शाही थाना क्षेत्र के बसई गांव में बुधवार को खेत पर सिंचाई कर रहे किसान पर अज्ञात बदमाश ने गोली चला दी। घायल किसान की पहचान गांव के पूर्व प्रधान महावीर के छोटे भाई वीरपाल के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वीरपाल दोपहर में भगवान दास के ट्यूबवेल से अपने खेत में धान की फसल की सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब तक कोई कुछ समझ पाता, वीरपाल जमीन पर गिर चुके थे। गांव में घटना की सूचना फैलते ही अफरा -तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण दौड़े, घायल को गांव लाया गया और फिर पुलिस की मदद से एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत को चिंताजनक बताया है।
जांच में जुटी पुलिस
शाही इंस्पेक्टर अमित बालियान ने मीडिया को बताया कि मौके से कोई खाली कारतूस बरामद नहीं हुआ है, लेकिन मामले में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। आस -पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
