बरेली : यूपी के बरेली देहात के सिरौली थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव में मंगलवार को एक 50 वर्षीय किसान का शव संदिग्ध हालात में पानी भरे गड्ढे में पड़ा मिला। किसान हरस्वरूप प्रजापति उर्फ गप्पे सोमवार सुबह खेत में खाद डालने गए थे और फिर घर नहीं लौटे। उनके लापता होने के 24 घंटे बाद शव बरामद हुआ।
जानें पूरा घटनाक्रम
हरस्वरूप अपनी भाभी और बेटे के साथ खेत पर गए थे। खाद पहुंचाकर परिजन लौट आए, जबकि गप्पे वहीं रुक गए। शाम तक जब वो नहीं लौटे, तो खोजबीन शुरू हुई। खेत पर चादर और चप्पल मिली लेकिन व्यक्ति नहीं। परिजनों ने रात 10 बजे गुमशुदगी की तहरीर दी। पूरी रात गांव के लोग और पुलिस खेतों और आसपास तलाश करते रहे।
जांच में जुटी पुलिस
मंगलवार सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने बाबा कैलाशगिरी मणि मार्ग के पास एक पानी भरे गड्ढे में शव देखा। सूचना मिलते ही कोतवाल जगत सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। शव को बाहर निकालकर मौके की जांच की गई। शरीर पर कोई गहरी चोट नहीं थी, चेहरे पर खरोंच के हल्के निशान थे, जो पुलिस के अनुसार जंगली जानवर के हो सकते हैं।
अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच
इंस्पेक्टर जगत सिंह ने मीडिया को बताया कि मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हरस्वरूप प्रजापति की मौत से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।
