अलीगढ़ : यूपी के अलीगढ़ में आवारा कुत्ते के काटने से तीन साल के बच्चे (मासूम) की तड़प-तड़प कर मौत हो गई। देहात के छर्रा थाना क्षेत्र के नत्थू नगला गांव निवासी भोजराज के पुत्र अंशु (03 वर्ष) समेत 11 बच्चों को आवारा कुत्ते ने 45 दिन पहले हमला किया था। अंशु के परिजनों ने करीब 20 दिन बाद एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगवाया था। हालांकि, 48 घंटे के अंदर इंजेक्शन लगवाना होता है। मगर, गुरुवार को मासूम की तबियत बिगड़ गई। वह कुत्ते की तरह भौंकने लगा। परिजन घबरा गए। उसको तुरंत इलाज को अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान अंशु की तड़प तड़प कर मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
कुत्ते की तरह भौंक रहा था मासूम
मृतक मासूम के पिता भोजराज ने बताया कि अंशु अजीब हरकत करने लगा था। मैंने पूछा कि बेटा क्या हुआ, तो उसने कहा मुझे डर लग रहा है। वह बीच-बीच में कुत्ते के भौंकने की जैसी आवाज निकलने लगा। हम लोग घबरा गए। उसको तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। मगर, उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
इलाके में कुत्तों का आतंक
यहां के लोगों ने बताया कि इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक है। बताया जाता है कि गांव के तमाम बच्चों पर आवारा कुत्ता हमला कर चुका है। घटना के दिन भी कुत्ते ने 11 बच्चों को काटा था। उनका इलाज किया जा रहा है।
पिता का था सबसे लाडला
मृतक अंशु तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था। वह अपने पिता भोजराज का सबसे लाडला था। उसको गांव में खेलने के दौरान आवारा कुत्ते ने काट लिया था। बताया जाता है कि परिजनों ने शुरू में इस घटना को गंभीरता से नहीं लिया और उचित इलाज नहीं कराया। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।माता-पिता गहरे सदमे में हैं और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
