प्रयागराज/लखनऊ : यूपी के प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के बेदौली गांव से मंगलवार शाम लापता हुए चार मासूम बच्चों की लाशें बुधवार सुबह एक पानी से भरे गड्ढे में उतराती हुई मिलीं। इस खबर से पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृतकों में दो सगे भाई-बहन और दो पड़ोसी बच्चे शामिल हैं। स्थानीय लोग और पुलिस के मुताबिक, चारों बच्चे खेलते-खेलते पास के ईंट भट्ठे के गहरे गड्ढे में गिर गए थे। जिसमें बारिश का पानी भरा हुआ था।
ईंट भट्टे की मिट्टी खुदाई से बना गड्ढा

मृतक बच्चों के नाम हुनर (5 वर्ष) पुत्र हीरा आदिवासी, वैष्णवी (3 वर्ष) पुत्री हीरा आदिवासी,खेसारी लाल (5 वर्ष) पुत्र संजय आदिवासी,कान्हा (5 वर्ष) पुत्र विमल आदिवासी की मृत्यु हो गई। बस्ती के पास स्थित ईंट भट्ठे से मिट्टी निकालने के कारण यह बड़ा गड्ढा बन गया था। बारिश के कारण वह गड्ढा पानी से भर गया था। इसी गड्ढे में चारों बच्चे डूब गए।
एक दिन पहले हुए थे गायब
मंगलवार शाम जब बच्चे गायब हुए तो परिजनों और गांववालों ने पूरी रात उन्हें ढूंढा। सुबह पानी के ऊपर लाशें दिखने पर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे एसीपी मेजा एसपी उपाध्याय, एसडीएम सुरेंद्र प्रताप यादव और मेजा थाना अध्यक्ष राजेश उपाध्याय ने हालात का जायजा लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसडीएम मेजा ने पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
सवाल खड़े करता हादसा
इस घटना ने कई प्रशासनिक लापरवाहियों की ओर इशारा किया है। सवाल यह है कि क्या ईंट भट्ठा संचालक को इस तरह गहरा गड्ढा खोदने की इजाजत थी?। क्या बच्चों की सुरक्षा के लिए कोई चेतावनी या अवरोधक लगाया गया था?
