देवरिया/रुद्रपुर तहसील : यूपी के देवरिया जिले के फतेहपुर गांव का नाम एक बार फिर खौफ और सनसनी के साथ जुड़ गया है। रामनगर टोला स्थित एक निजी स्कूल के प्रबंधक धनंजय पाल (55 वर्ष) की शनिवार तड़के उनके ही स्कूल परिसर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। शव स्कूल के बरामदे में एक तख्त पर मिला। शव के पास ही झाड़ियों में खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद हुई है। धनंजय पाल अपने डीडीएम पब्लिक स्कूल में ही सोते थे। शुक्रवार रात भी वे रोज की तरह भोजन के बाद स्कूल सोने गए थे, लेकिन शनिवार सुबह जब पड़ोसियों ने उनकी लाश देखी तो गांव में सनसनी फैल गई। चेहरा और गला बुरी तरह क्षत-विक्षत था।
हत्या का कारण रहस्य, स्कूल विवाद की चर्चा
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/cbnEMtD3liw?si=dGFrQqW8DJzKuZJ-
घरवाले हत्या की वजह नहीं बता पा रहे हैं, लेकिन गांव में दबी जुबान में स्कूल से जुड़े विवाद की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।
जांच में जुटा प्रशासन,पुलिस कप्तान मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही सीओ हरिराम यादव मौके पर पहुंचे। उसके बाद पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। उनके नेतृत्व में फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड, स्वॉट और सर्विलांस सेल ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस ने खून से सनी कुल्हाड़ी, और घटनास्थल के आसपास के निशान और साक्ष्य कब्जे में ले लिए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फतेहपुर गांव की पुरानी रंजिशों की भी जांच
फतेहपुर गांव की पृष्ठभूमि पहले से ही रंजिशों और नरसंहार से दागदार रही है। 2 अक्टूबर 2023 को गांव के लेहड़ा टोला में 6 लोगों की हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। उस वक्त पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव की हत्या के बाद आक्रोशित भीड़ ने प्रतिशोध में सत्यप्रकाश दूबे के पूरे परिवार को निशाना बनाया था। अब एक बार फिर, स्कूल प्रबंधक की हत्या के बाद गांव में भय और आशंका का माहौल है।
