बरेली : यूपी के बरेली के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जिसमें 22 वर्षीय हरिनंदन की मौत हो गई। हरिनंदन ठिरिया खेताल गांव का रहने वाला था और हाफिजगंज स्थित राजश्री कॉलेज में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। वह अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था जब टाह गांव के पास हाईवे पर उसकी बाइक एक घोड़ा बुग्गी से टकरा गई।
गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिरा, मौके पर दम तोड़ा
टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि हरिनंदन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
जेब से मिले दस्तावेजों से हुई पहचान, परिवार में मचा कोहराम
हरिनंदन की जेब में मिले दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। जैसे ही खबर घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। हरिनंदन तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। मां बेसुध हैं और रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच, घोड़ा बुग्गी चालक की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घोड़ा बुग्गी सड़क के बीच कैसे आई, और क्या चालक की कोई लापरवाही हादसे की वजह बनी। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर धीमी रफ्तार वाले वाहनों की आवाजाही को लेकर प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
