लखनऊ/कन्नौज : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि अपराधी खुलेआम हत्याएं कर रहे हैं, थानों के सामने तक हत्याएं हो रही हैं, और महिलाएं -बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। कन्नौज में मीडिया से बातचीत करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि पुलिस खुद वसूली करते हुए पकड़ी जा रही है, और हर जिले से भ्रष्टाचार की शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के टॉप-10 माफियाओं की सूची जारी नहीं कर सकी, तो कम से कम जिला स्तर पर ही अपराधियों की सूची जारी कर दे ताकि जनता को सच्चाई का पता चल सके।
प्राथमिक स्कूलों के बंद होने पर जताई चिंता

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने प्राथमिक स्कूलों के बंद होने पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों से शिक्षा छीनने की साजिश कर रही है। स्कूल बंद कर दिए गए, लेकिन बच्चों को दूर-दूर भेजने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
भाजपा पर भ्रष्टाचार और आंतरिक झगड़ों का आरोप

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को लेकर सरकार के भीतर ही झगड़े शुरू हो गए हैं। ट्रांसफर-पोस्टिंग में वसूली को लेकर मंत्री और अधिकारी आपस में भिड़े हुए हैं। कानपुर से लेकर हरदोई तक कई जिलों में अधिकारियों और विधायकों में टकराव की स्थिति बन गई है।
बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल

सपा प्रमुख ने बताया कि हरदोई मेडिकल कॉलेज को बिजली नहीं मिल रही है और मरीज परेशान हैं। बिजली विभाग और स्वास्थ्य विभाग आपस में उलझे हुए हैं, जबकि सरकार निजीकरण की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ना सिर्फ महंगाई बढ़ाई है, बल्कि कारोबार को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। अब सरकार जाते-जाते ट्रांसफर-पोस्टिंग से उगाही करने में लगी है। जनता सब देख रही है और अब बदलाव चाहती है।
