प्रदेश भर में 8 से 14 अप्रैल तक होंगे कार्यक्रम
संविधान और आरक्षण बचाने को आंदोलन की बताई ज़रूरत
जिला- महानगर अध्यक्षों को भेजा पत्र, तैयारियां शुरू
लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पार्टी 8 अप्रैल से 14 अप्रैल तक “स्वाभिमान स्वमान समारोह” आयोजित करेगी। इस दौरान प्रदेश भर में सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम पाल ने सभी जिला और महानगर अध्यक्षों को पत्र भेजकर समारोह को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि बाबा साहब की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं और देश के संविधान एवं आरक्षण जैसे उनके योगदान को बचाए रखने के लिए जनजागरण आवश्यक है।
बाबा साहब की संविधान और आरक्षण धरोहर
सपा नेताओं का मानना है कि संविधान और आरक्षण जैसे बाबा साहब की दो महान धरोहरें आज खतरे में हैं। जिन्हें बचाने के लिए एक सशक्त और संगठित आंदोलन की ज़रूरत है। “स्वाभिमान स्वमान समारोह” के अंतर्गत जनसभाएं, संगोष्ठियां, पद यात्राएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिनके माध्यम से बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
बाबा साहब की विरासत देश की विरासत
समाजवादी पार्टी का कहना है कि बाबा साहब की विरासत किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि पूरे देश की धरोहर है, जिसे हर नागरिक को मिलकर सहेजना चाहिए।
