बागपत/लखनऊ : यूपी के बागपत जनपद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां झूठी सामाजिक आन-बान के नाम पर एक पिता ने अपनी ही बेटी की हत्या कर दी। मामला लुहारी गांव का है, जहां युवती के प्रेम-प्रसंग से नाराज़ परिजनों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद शव को जला दिया गया और अस्थियां यमुना नदी में बहा दी गईं।
प्रेमी की सूचना पर हत्या का खुलासा
यह पूरा मामला तब खुला जब युवती के प्रेमी अंकित ने पुलिस को उसकी गुमशुदगी की सूचना दी और परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो युवती के पिता संजीव ने अपराध कबूल कर लिया।
जानें पूरा मामला
बागपत के लुहारी गांव की एक युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। यह बात उसके परिजनों को मंजूर नहीं थी। परिवार को समाज में बदनामी का डर सताने लगा। इसी आक्रोश में परिजनों ने युवती को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद शव को घर में ही जला दिया गया और बची हुई अस्थियों को यमुना नदी में बहा दिया गया, ताकि कोई सबूत न बचे। युवती को “लापता” बताकर परिजन सब कुछ सामान्य दिखाने की कोशिश करते रहे।
प्रेमी ने तोड़ी चुप्पी, पुलिस को दी जानकारी
मृतका का प्रेमी जब उससे संपर्क नहीं कर पाया तो उसने खुद उसके परिजनों से पूछताछ की। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उसे शक हुआ कि युवती के साथ कुछ अनहोनी हो गई है। प्रेमी बुधवार को थाने पहुंच गया। उसने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और युवती की हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और शक के आधार पर पिता को हिरासत में लिया।
पिता ने किया जुर्म कबूल
पूछताछ के दौरान युवती के पिता संजीव ने बताया कि उन्होंने “इज्जत” के नाम पर अपनी बेटी की हत्या की है। हत्या के बाद शव को जलाया गया और यमुना में अस्थियां विसर्जित कर दी गईं। फिलहाल, पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप में पिता को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य परिजनों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने मीडिया को बताया कि अपराध में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है। घटना स्थल और अस्थि विसर्जन की जगह से सबूत जुटाए जा रहे हैं। फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है, ताकि जली हुई जगह से डीएनए सैंपल लिए जा सकें।
