प्रयागराज/लखनऊ : इंडियन रेलवे के प्रयागराज जंक्शन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक विक्षिप्त युवक अचानक प्लेटफार्म नंबर 7 के ओएचई (Overhead Equipment) तारों पर चढ़ गया और उनमें झूलने लगा। ये वही हाई वोल्टेज तार हैं, जिनसे इलेक्ट्रिक इंजन को बिजली मिलती है। गनीमत रही कि उस समय ट्रैक पर ब्लॉक के चलते बिजली सप्लाई बंद थी, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। युवक कुछ देर झूलता रहा और फिर अचानक नीचे गिर पड़ा।
उतारने की कोशिश में जुटे रहे अफसर-कर्मचारी
रेलवे अफसर और कर्मचारी उसे नीचे उतारने की कोशिश कर ही रहे थे कि वह खुद ही खंभे से गिर गया। इसके बाद युवक ट्रैक किनारे कुछ देर लेटा रहा और फिर वहां से निकल गया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। जिसमें एक रेलकर्मी को कहते हुए भी सुना जा सकता है कि “प्लेटफार्म नंबर 7 की ओएचई बंद कर दो।”रेल प्रशासन ने पुष्टि की है कि युवक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह घटनास्थल से चला गया।
