गौरीकुंड/देहरादून/लखनऊ : उत्तराखंड के केदारनाथ धाम से दर्शन के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए रविवार की सुबह काल बनकर आई। आर्यन एविएशन कंपनी का एक हेलीकॉप्टर, जिसमें 6 श्रद्धालु और एक पायलट सवार थे। यह सुबह करीब 05:17 बजे केदारनाथ हेलीपैड से गुप्तकाशी के लिए रवाना हुआ था। लेकिन मौसम की खराबी के चलते हेलीकॉप्टर को रास्ते में आपातकालीन हार्ड लैंडिंग करनी पड़ी। इसी दौरान हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और सभी 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पायलट राजवीर, और श्रद्धालु विक्रम रावत, विनोद, तृष्टि सिंह, राजकुमार, श्रद्धा और 10 वर्षीय बच्ची राशि शामिल हैं।
कई मीटर तक बिखरे टुकड़े

हादसा इतना भीषण था कि हेलीकॉप्टर के टुकड़े कई मीटर दूर तक बिखर गए। स्थानीय प्रशासन, SDRF और हेलीकॉप्टर सेवा कंपनी की टीम मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकाला। प्रशासन ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। इस दुर्घटना ने चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं के बीच भय और गम का माहौल बना दिया है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है और हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
खराब मौसम हादसे की वजह

बताया जाता है कि खराब मौसम के कारण यह हादसा हुआ है। मगर, जांच टीमों ने बारीकी से जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पिछले कुछ दिनों में पांच हादसे हो चुके हैं। चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद यह पांचवा हादसा बताया जा रहा है।
