लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में दिसंबर की शुरुआत से पहले राजधानी लखनऊ में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। छह दिसंबर को प्रस्तावित आंबेडकर महापरिनिर्वाण दिवस के आयोजन को सफल बनाने के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने प्रचार का नया तरीका अपनाया है। पार्टी पहली बार बड़े पैमाने पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार वीडियो और गीतों का इस्तेमाल कर रही है। ‘चलो लखनऊ’ की पंचलाइन के जरिए आयोजन का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
AI वीडियो और गीतों से प्रचार कर रही बसपा
बसपा अपने पारंपरिक कैडर आधारित संगठनात्मक मॉडल के साथ डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल भी बढ़ा रही है। छह दिसंबर के आयोजन को लेकर AI से तैयार वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, मंडल प्रभारियों और जिलाध्यक्षों के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर इन प्रचार सामग्रियों की झलक दिखाई दे रही है। पार्टी का प्रयास है कि डिजिटल माध्यमों के जरिए आयोजन की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।
प्रदेशभर में बैठकों के जरिए तैयारियां
बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल इन दिनों मंडल, जिला और विधानसभा स्तर पर बैठकें कर रहे हैं। इनमें पदाधिकारियों को छह दिसंबर के कार्यक्रम की तैयारियों और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी जा रही है। वहीं, सतीश चंद्र मिश्रा, मंडल प्रभारी और आयोजन समिति के सदस्य भी तैयारियों में जुटे हैं। पार्टी संगठन के अलग-अलग स्तरों पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर रही है, ताकि आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लोगों की भागीदारी हो सके।
26 नवंबर को ओवैसी और चंद्रशेखर की संयुक्त महारैली
इसी बीच 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की संयुक्त महारैली प्रस्तावित है। इसमें एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद एक मंच पर नजर आएंगे। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के नेताओं ने इस महारैली में पांच लाख लोगों की भीड़ जुटाने का दावा किया है। इस तरह नवंबर के आखिरी सप्ताह और दिसंबर की शुरुआत में लखनऊ में अलग-अलग राजनीतिक आयोजनों के जरिए दल अपनी संगठनात्मक ताकत और जनसंपर्क गतिविधियां प्रदर्शित करने की तैयारी में हैं।
