लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है, वहीं भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के सामने भी सहयोगी दलों को साधने की चुनौती खड़ी हो गई है। इस बार भाजपा के साथ चार क्षेत्रीय दल हैं और सभी की विधानसभा सीटों को लेकर अपनी-अपनी अपेक्षाएं हैं। ऐसे में सीट शेयरिंग का फॉर्मूला तय करना आसान नहीं माना जा रहा है।
2022 में 27 सीटों पर लड़े थे दो सहयोगी दल
विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा के साथ अपना दल (एस) और निषाद पार्टी गठबंधन में शामिल थे। अपना दल (एस) ने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 12 पर जीत दर्ज की थी। वहीं, निषाद पार्टी को 10 सीटें मिली थीं, जिनमें से उसने छह सीटों पर जीत हासिल की थी। इस तरह दोनों सहयोगी दलों को कुल 27 सीटें मिली थीं और उन्होंने 18 सीटों पर जीत दर्ज की थी। दूसरी ओर भाजपा ने 376 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 255 सीटों पर जीत हासिल की थी।
इस बार NDA में चार क्षेत्रीय दल
2027 के चुनाव में भाजपा के साथ अपना दल (एस) और निषाद पार्टी के अलावा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) और राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) भी हैं। पिछली बार सुभासपा ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया था और उसे 19 सीटें मिली थीं। इनमें से छह सीटों पर उसने जीत दर्ज की थी। वहीं, आरएलडी ने सपा के साथ गठबंधन में 33 सीटों पर चुनाव लड़ा था और आठ सीटों पर जीत हासिल की थी। अब दोनों दल एनडीए का हिस्सा हैं और अपनी पिछली चुनावी हिस्सेदारी को ध्यान में रखते हुए अधिक सीटों की उम्मीद कर रहे हैं।
चारों दलों की मांग से भाजपा की बढ़ेगी मुश्किल
राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक, सुभासपा और आरएलडी पिछली बार सपा गठबंधन में मिली सीटों से कम पर समझौता करने के पक्ष में नहीं हैं। वहीं, पहले से एनडीए में शामिल अपना दल (एस) और निषाद पार्टी भी ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं। चारों सहयोगी दलों की नजर 30 से अधिक सीटों पर बताई जा रही है। भाजपा के सामने चुनौती यह है कि वह किसी सहयोगी को नाराज किए बिना सीटों का बंटवारा करे। यदि चारों दलों को उनकी मांग के मुताबिक 100 से ज्यादा सीटें देनी पड़ती हैं तो भाजपा के अपने टिकट दावेदारों और संभावित प्रत्याशियों में नाराजगी बढ़ सकती है।
जातीय और क्षेत्रीय समीकरण साधने की कोशिश
भाजपा के लिए चारों सहयोगी दलों का अपना राजनीतिक महत्व है। अपना दल (एस), निषाद पार्टी और सुभासपा की पूर्वांचल में अलग-अलग जातीय समूहों के बीच पकड़ मानी जाती है। वहीं, आरएलडी का पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खासकर जाट समुदाय के बीच प्रभाव है। ऐसे में भाजपा किसी भी सहयोगी दल को खोने का जोखिम नहीं लेना चाहेगी। सहयोगियों के बीच सीटों को लेकर बढ़ती अपेक्षाओं के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ प्रस्तावित बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस बैठक में सीट बंटवारे और गठबंधन के तालमेल पर चर्चा हो सकती है। फिलहाल भाजपा के सामने सहयोगियों की मांग और अपने नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है।
