बरेली। मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत बरेली मंडल के किसानों के लिए सोमवार का दिन खुशियों की सौगात लेकर आया। मंडी समिति कार्यालय के सभागार में आयोजित बंपर लकी ड्रॉ में 78 किसानों को विजेता चुना गया। किसी किसान के नाम ट्रैक्टर निकला तो किसी को मोटरसाइकिल, पंपिंग सेट और खेती में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक उपकरण मिले। चार त्रैमासिक और दो छमाही ड्रॉ में कुल 3,874 किसानों के 76,829 कूपन शामिल किए गए। मंडी सचिव संतोष कुमार के मुताबिक, पारदर्शी प्रक्रिया के तहत विजेता किसानों का चयन किया गया।
चार त्रैमासिक और दो छमाही ड्रॉ आयोजित

मंडी परिषद की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के लंबित त्रैमासिक एवं छमाही उपहारों का ड्रॉ निकाला गया। अपर आयुक्त प्रशासन की अध्यक्षता में गठित संभागीय समिति ने विजेताओं का चयन किया। वित्तीय वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में 1,040 किसानों के 20,224 कूपन और चौथी तिमाही में 779 किसानों के 11,331 कूपन शामिल किए गए। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 1,076 किसानों के 24,025 और दूसरी तिमाही में 979 किसानों के 21,249 कूपन ड्रॉ में शामिल रहे।
ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल बने सबसे बड़े आकर्षण
छमाही बंपर ड्रॉ में किसानों के लिए ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल सबसे बड़े आकर्षण रहे। दो छमाही ड्रॉ में 35 हॉर्सपावर के चार ट्रैक्टर, 20 हॉर्सपावर से कम क्षमता के चार छोटे ट्रैक्टर और 100 सीसी की छह मोटरसाइकिलों के विजेता चुने गए। इसके अलावा 20 सोलर पावर पैक संयंत्रों के लिए भी किसानों के नाम निकाले गए। छमाही ड्रॉ में कुल 34 पुरस्कार निर्धारित किए गए थे।
खेती के आधुनिक उपकरण भी मिले

चार त्रैमासिक ड्रॉ में खेती-किसानी से जुड़े 44 उपकरणों के विजेताओं का चयन हुआ। इनमें आठ पंपिंग सेट, 12 चारा काटने की मशीनें, 10 क्विंटल क्षमता वाली 12 बखारियां और 12 पावर स्प्रेयर शामिल हैं। इन उपकरणों से किसानों को सिंचाई, चारा प्रबंधन, अनाज भंडारण और फसलों की देखभाल में सुविधा मिलेगी।
किसानों को मंडियों में उपज बेचने के लिए प्रोत्साहित करने की पहल

कार्यक्रम में अपर आयुक्त प्रशासन, मंडी परिषद के उपनिदेशक प्रशासन एवं विपणन, मंडी सचिव बरेली और संभागीय लेखाधिकारी मौजूद रहे। बरेली मंडल की विभिन्न मंडी समितियों के सचिव, कर्मचारी और किसान भी शामिल हुए। मंडी परिषद के उपनिदेशक विश्वेन्द्र कुमार ने बताया कि चार त्रैमासिक और दो छमाही ड्रॉ के माध्यम से कुल 78 विजेता किसानों का चयन किया गया है। योजना का उद्देश्य किसानों को मंडियों में कृषि उपज की बिक्री के लिए प्रोत्साहित करना और आधुनिक कृषि उपकरणों के माध्यम से उन्हें लाभ पहुंचाना है।
