भाजपा सरकार पर किसानों, नौजवानों और शिक्षा व्यवस्था की अनदेखी का आरोप, एसपी चीफ ने कहा- झूठ, लूट और बेईमानी सरकार की पहचान
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर किसानों, नौजवानों, महिलाओं और गरीबों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों और नौजवानों से किए वादे पूरे नहीं किए। किसानों को डीएपी और यूरिया खाद तक उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जबकि गन्ना, आलू और धान उत्पादक किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। सरकार में बिचौलियों और मुनाफाखोरों का दबदबा है, जिससे किसान और खेती दोनों संकट में हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश के पढ़े-लिखे युवाओं के सामने नौकरी,रोजगार और जीवनयापन का संकट है। भाजपा सरकार ने निवेश के बड़े -बड़े दावे किए, लेकिन जमीन पर कंपनियां और फैक्ट्रियां स्थापित नहीं हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार चरम पर है और बजट की लूट हो रही है। भाजपा सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था जैसी संस्थाओं को कमजोर किया है। उन्होंने भाजपा को शिक्षा और परीक्षा विरोधी बताते हुए कहा कि बिना किसानों और युवाओं को आगे बढ़ाए देश की तरक्की संभव नहीं है।
2027 में भाजपा सरकार का सफाया करने का दावा
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा के एजेंडे में नौकरी, रोजगार और विकास नहीं, बल्कि नफरत की राजनीति है। चुनाव में बेईमानी और धांधली करके जनता के फैसले को प्रभावित करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा की चाल और चालबाजी समझ चुकी है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार का सफाया कर समाजवादी पार्टी की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर किसानों, नौजवानों, महिलाओं और गरीबों के हित में बड़े फैसले लिए जाएंगे तथा सभी को सम्मान और अधिकार मिलेगा।
PDA सरकार में शिक्षा व्यवस्था बेहतर करने का वादा
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर शिक्षा को लेकर भी PDA सरकार का विजन सामने रखा। उन्होंने संदेश दिया, “जब 2027 में PDA सरकार हमारी होगी, तब शिक्षा की खिलखिलाती फुलवारी होगी।” उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले शिक्षा व्यवस्था को राजनीतिक मुद्दा बनाने और PDA वर्गों के बीच शिक्षा के विस्तार का संदेश देने के तौर पर देखा जा रहा है।
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर किया नमन
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को एकता के सूत्र में बांधने, जाति -पांति के भेदभाव को मिटाने और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उन्होंने मानवता को एक परमात्मा की उपासना और कल्याणकारी आध्यात्मिक विचारों का मार्ग दिखाया।
गोरखपुर हादसे की रिपोर्टिंग पर मीडिया को नसीहत
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोरखपुर हादसे को लेकर एक बड़े न्यूज चैनल के कार्यक्रम में महिला रिपोर्टर की टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने इसे आपत्तिजनक और गैरजिम्मेदाराना बताते हुए पत्रकारों और मीडियाकर्मियों से तथ्यों की पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही संवेदनशील मामलों पर टिप्पणी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब किसी घटना से जुड़े सीसीटीवी वीडियो जैसे साक्ष्य सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हों, तो उनके आधार पर सही जानकारी सामने रखनी चाहिए। तथ्यों के विपरीत मनमाना विश्लेषण पत्रकारिता की सत्यनिष्ठा और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने संबंधित मीडिया संस्थान से मामले का संज्ञान लेने और भविष्य में ऐसी आधारहीन टिप्पणियों पर रोक लगाने की अपेक्षा जताई।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
