यूजीसी रेगुलेशन 2026 के विरोध में इस्तीफा देने वाले पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट को मिला कमिश्नर का पत्र
बरेली : यूजीसी रेगुलेशन 2026 के विरोध में 26 जनवरी 2026 को इस्तीफा देकर सुर्खियों में आए बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री का मामला एक बार फिर चर्चा में है। उनके खिलाफ शुरू हुई विभागीय जांच पूरी हो गई है। उन्होंने बताया कि मंडलायुक्त एवं जांच अधिकारी शंभू कुमार ने उनके खिलाफ लगाए गए तीनों आरोपों को जांच में सही पाया है। जांच रिपोर्ट अग्रिम कार्रवाई के लिए शासन को भेज दी गई है। कमिश्नर का पत्र मिलने के बाद अलंकार अग्निहोत्री ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, ‘अब सरकार मुझे बर्खास्त कर दे।’ अलंकार अग्निहोत्री के खिलाफ विभागीय जांच में मुख्य रूप से तीन आरोपों की पड़ताल की गई थी। इनमें सरकारी पद पर रहते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करना, अधिकारी रहते हुए एक वर्ग विशेष को लेकर टिप्पणी करना और इस्तीफा स्वीकार होने से पहले जिलाधिकारी आवास पर धरना-प्रदर्शन करना शामिल है। जांच अधिकारी ने तीनों आरोपों को सही पाया है। इस मामले में मंडलायुक्त शंभू कुमार के भी मीडिया से पुष्टि की बात सामने आई है। इसके साथ ही जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है और आगे की कार्रवाई शासन स्तर से होगी।
अब मुझे बर्खास्त कर दो, अलंकार अग्निहोत्री का सरकार को खुला संदेश
कमिश्नर का पत्र मिलने के बाद अग्निहोत्री ने मीडिया में जारी अपने बयान में कहा कि 26 जनवरी को इस्तीफा देने के बाद उनके खिलाफ तीन आरोपों को लेकर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई थी। अब जांच में सभी आरोप सिद्ध किए जाने के बाद यह सरकारी दस्तावेज उनके मुताबिक देश का ऐतिहासिक आरोप पत्र बन गया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले ही नौकरी छोड़ने का फैसला कर लिया था और अब सरकार उन्हें बर्खास्त करे। अग्निहोत्री ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार देश को जातियों में बांटने और सामाजिक विभाजन को बढ़ावा देने का काम कर रही है। उन्होंने यूजीसी रेगुलेशन 2026 को लेकर अपनी पुरानी आपत्तियां दोहराते हुए कहा कि इन नियमों से सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के साथ भेदभावपूर्ण स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने एससी-एसटी एक्ट की धारा 18ए और सुप्रीम कोर्ट के फैसले का भी जिक्र करते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की। ये सभी अग्निहोत्री के राजनीतिक और व्यक्तिगत आरोप हैं।
पांच राज्यों में विरोध का ऐलान
उन्होंने दावा किया कि उनके इस्तीफे और विरोध का असर देशभर में दिखाई दिया है। इसके साथ ही कहा कि आने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे। उन्होंने बांकीपुर, दतिया, काशी की एमएलसी सीटों और राजस्थान पंचायत चुनावों का जिक्र करते हुए भाजपा के खिलाफ राजनीतिक विरोध जारी रखने की बात कही। गौरतलब है कि 26 जनवरी 2026 को यूजीसी रेगुलेशन 2026 और अन्य मुद्दों पर असहमति जताते हुए अलंकार अग्निहोत्री ने बरेली सिटी मजिस्ट्रेट के पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। इसके बाद प्रदेश सरकार ने उन्हें निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए थे। अब जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है।
