मुरादाबाद : ट्रेन में महिला यात्रियों के साथ पुलिसकर्मी द्वारा मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वर्दीधारी पुलिसकर्मी एक महिला को नीचे गिराकर मारपीट करता दिखाई दे रहा है। बीच-बचाव करने पहुंची अन्य दो महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की होती नजर आ रही है। मारपीट के दौरान एक महिला के माथे से खून निकलता दिखाई दे रहा है।
जननायक एक्सप्रेस में हुई घटना का वीडियो वायरल
वायरल वीडियो 18 नवंबर को जननायक एक्सप्रेस ट्रेन में हुई घटना का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। इसमें पुलिसकर्मी और महिला यात्रियों के बीच विवाद के दौरान मारपीट होती दिखाई दे रही है। मुरादाबाद जीआरपी इस मामले में बिहार के दो युवकों को स्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है।
एसपी जीआरपी ने पुलिसकर्मी का किया बचाव
एसपी जीआरपी मुरादाबाद आशुतोष शुक्ला ने घटना को दो पक्षों के बीच विवाद बताया। उन्होंने कहा कि महिला ने पहले सिपाही की वर्दी फाड़ दी और उसे थप्पड़ मारा था। इसके बाद सिपाही ने अपने बचाव में महिला को धक्का दिया। एसपी के अनुसार, धक्का लगने के दौरान महिला की चूड़ी माथे पर लग गई, जिससे उसे चोट आई और खून निकलने लगा। उन्होंने बताया कि नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ और दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद महिला यात्रियों के साथ पुलिसकर्मी के व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। घटना के वीडियो और पुलिस के बयान के बीच पूरे मामले की जांच को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
