नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम दिल्ली के पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया। उद्घाटन से पहले उन्होंने भारत की समृद्ध सभ्यतागत विरासत पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस फोरम में ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत पहुंचा है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। तीन दिवसीय फोरम 20 से 22 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है।
25 देशों के प्रतिनिधि शामिल, साझा संस्कृति पर चर्चा
फोरम का आयोजन संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय संयुक्त रूप से कर रहे हैं। इसमें चीन, ईरान समेत 25 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इसका उद्देश्य सदस्य देशों की साझा सभ्यता और संस्कृति को सामने लाना तथा आपसी संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 13 नवंबर को बताया था कि भारत ने 25 देशों को निमंत्रण भेजा है। इनमें चीन, कजाकिस्तान, ईरान, किर्गिज रिपब्लिक, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, कंबोडिया, तुर्किये और श्रीलंका शामिल हैं। पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर शेखावत ने उम्मीद जताई थी कि वह भी सम्मेलन में शामिल होगा। उन्होंने कहा था कि दोनों देशों की संस्कृति और सभ्यता का विकास साथ-साथ हुआ है। 1947 के बंटवारे के बाद देश अलग हुए, लेकिन साझा विरासत में अंतर नहीं है। भारत चाहता है कि SCO केवल राजनीति और अर्थव्यवस्था तक सीमित न रहे, बल्कि साझा सभ्यता और मानवीय मूल्यों पर बातचीत का मंच भी बने। इससे देशों और उनके नागरिकों के बीच बेहतर संबंध और आपसी समझ विकसित होगी।
बिलावल भुट्टो के बाद पाकिस्तानी संघीय मंत्री की पहली भारत यात्रा
भारत ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को फोरम में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। हालांकि, पाकिस्तान ने जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक को प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए नामित किया। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, उसका प्रतिनिधिमंडल फोरम के विभिन्न विषयों पर होने वाली चर्चाओं में हिस्सा लेगा। साथ ही SCO के दूसरे सदस्य देशों के प्रतिनिधियों से अलग बातचीत भी करेगा। मई 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी के गोवा दौरे के बाद किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की यह पहली भारत यात्रा है। बिलावल भुट्टो SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने भारत आए थे।
पुराना किला में 3000 साल पुरानी विरासत की प्रदर्शनी
फोरम के दौरान पुराना किला में ‘अस्तित्व- द एसेंस ऑफ आवर एग्जिस्टेंस’ नाम से प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक दिल्ली के इतिहास को पुरातात्विक अवशेषों, कलाकृतियों और वास्तुशिल्प के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा। ASI के संग्रहालय निदेशक वसंत स्वर्णकार के मुताबिक, पुराना किला में करीब 3000 साल तक लगातार आबादी रहने के प्रमाण मिले हैं। यहां खुदाई में प्री-मौर्य, महाजनपद, मौर्य, शुंग, कुषाण, गुप्तोत्तर, राजपूत, सल्तनत और मुगल काल से जुड़े अवशेष मिले हैं। प्रदर्शनी में मौर्यकालीन टेराकोटा मूर्तियां, राजपूत काल की वैकुंठ विष्णु प्रतिमा, गजलक्ष्मी और गणेश की कलाकृतियां, पेंटेड ग्रे वेयर संस्कृति के बर्तन, सिक्के, मनके और आभूषण प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा इंद्रप्रस्थ का उल्लेख करने वाला शिलालेख और घोड़े की खोपड़ी जैसे अवशेष भी रखे जाएंगे।
18वीं सदी की दुर्लभ महाभारत स्क्रॉल भी आकर्षण
प्रदर्शनी में ‘अनंत: ए रेयर 18th सेंचुरी महाभारत स्क्रॉल’ नाम से विशेष पवेलियन भी बनाया जाएगा। इसमें 18वीं सदी की चित्रों से सजी दुर्लभ महाभारत स्क्रॉल प्रदर्शित की जाएगी। SCO फोरम और सुरक्षा व्यवस्था के चलते पुराना किला 18 से 22 नवंबर तक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के संरक्षण में आने वाले इस ऐतिहासिक स्थल को फोरम के बाद आम लोगों के लिए खोला जाएगा।
