बरेली। रेलवे कर्मचारियों को मानसिक रूप से मजबूत बनाने और कार्यस्थल पर तनावमुक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में गुरुवार को मानसिक दृढ़ता विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता डीआरएम वीणा सिन्हा ने की। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यूएस नाग के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। सेमिनार का विषय ‘सशक्त मन-सुरक्षित कार्यस्थल-समृद्ध रेलवे’ रखा गया। इसमें विशेषज्ञों ने रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को मानसिक तनाव से निपटने, कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने और सकारात्मक सोच के साथ काम करने के तरीके बताए।
काम के दबाव के बीच मानसिक मजबूती जरूरी
श्री राम मूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, बरेली के मनोचिकित्सा विभाग की डॉ. रुपाली रोहतगी और डॉ. अर्चना धनकर ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मानसिक दृढ़ता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि कार्यस्थल पर बढ़ते दबाव, बदलती कार्यशैली और व्यक्तिगत एवं पारिवारिक चुनौतियों के बीच मानसिक रूप से मजबूत रहना बेहद जरूरी है। मानसिक दृढ़ता व्यक्ति को तनाव, असफलता और विपरीत परिस्थितियों से उबरकर सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की क्षमता देती है।
तनाव से बचने के बताए उपाय, योग और ध्यान पर जोर
कार्यक्रम के दौरान तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, कार्य-जीवन संतुलन, बेहतर संवाद और भावनात्मक नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने योग, ध्यान और स्वस्थ जीवनशैली को मानसिक स्वास्थ्य मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम बताया। कर्मचारियों को समझाया गया कि कठिन परिस्थितियों में घबराने के बजाय धैर्य, आत्मविश्वास और टीम भावना के साथ काम करना चाहिए। आपसी सहयोग और बेहतर संवाद को कार्यस्थल पर सकारात्मक माहौल बनाने के लिए जरूरी बताया गया।
मानसिक रूप से स्वस्थ कर्मचारी बेहतर काम कर सकते हैं: DRM
मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि रेलवे जैसे बड़े संगठन में कर्मचारियों की मानसिक मजबूती सुरक्षित, कुशल और गुणवत्तापूर्ण रेल संचालन की आधारशिला है। मानसिक रूप से स्वस्थ कर्मचारी न केवल अपने कार्य में बेहतर प्रदर्शन करते हैं, बल्कि परिवार और समाज में भी सकारात्मक वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, एक-दूसरे का सहयोग करने और जरूरत पड़ने पर अपनी समस्याओं के बारे में खुलकर बातचीत करने की अपील की। सेमिनार का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, तनाव से निपटने की क्षमता विकसित करना और कार्यस्थल पर सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण तैयार करना था। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर मंडल के शाखाधिकारी, अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
