पीलीभीत। बीसलपुर किसान सहकारी चीनी मिल के पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ शुक्रवार को विधि-विधान से हवन-पूजन के साथ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भाजपा विधायक विवेक कुमार वर्मा ने मिल अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ पटले में गन्ना डालकर पेराई प्रक्रिया शुरू कराई। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में किसान पहुंचे और मिल परिसर में उत्साह का माहौल रहा।
पहली बैलगाड़ी और ट्रॉली लेकर पहुंचे किसानों का सम्मान
पेराई सत्र के शुभारंभ पर पहली बार बैलगाड़ी से गन्ना लेकर पहुंचे अमरा करोड़ निवासी किसान ओमप्रकाश गंगवार का अतिथियों ने स्वागत किया। विधायक विवेक कुमार वर्मा, एसडीएम अजय कुमार और चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक आरके जैन सहित अन्य अतिथियों ने बैलों को तिलक लगाकर पूजन किया। इसके बाद किसान ओमप्रकाश गंगवार को तिलक लगाकर उपहार भेंट किए गए और सम्मानित किया गया। वहीं, पहली ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना लेकर पहुंचे किसान कधई लाल को भी सम्मानित किया गया।
पेराई सत्र शुरू होने से किसानों को राहत
विधायक विवेक कुमार वर्मा ने पटले में गन्ना डालकर पेराई प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ कराया। मिल अधिकारियों ने अतिथियों को नए पेराई सत्र की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। नए सत्र के शुरू होने से क्षेत्र के गन्ना किसानों को अपनी उपज चीनी मिल तक पहुंचाने की सुविधा मिलेगी। किसानों को उम्मीद है कि इस बार गन्ने की तौल और पेराई का कार्य सुचारु रूप से संचालित होगा। कार्यक्रम में एसडीएम अजय कुमार, प्रधान प्रबंधक आरके जैन, मीनू त्रिपाठी, चीनी मिल उपाध्यक्ष नरेश कातिब, पूर्व उपाध्यक्ष सियाराम शास्त्री, राकेश मित्तल, महिपाल सिंह और ब्लॉक प्रमुख अशोक कुमार शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मिल के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
रिपोर्ट- ऋतिक द्विवेदी
