पीलीभीत। साइबर ठगी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच में पुलिस सक्रिय हो गई है। बीसलपुर क्षेत्र में ऐसे तीन मोबाइल नंबर सामने आए हैं, जिनका संबंध साइबर अपराध की शिकायतों से बताया गया है। मामले में गांव मीरपुर वाहनपुर निवासी दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सूची में शामिल तीन मोबाइल नंबरों में दो साजिद और एक अक्सार के नाम पर दर्ज बताए गए हैं। ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत साजिद का एक बैंक खाता भी जांच में सामने आया है, जिस पर 90 हजार रुपये की साइबर ठगी की शिकायत दर्ज मिली है। पुलिस अब संदिग्ध नंबरों और बैंक खाते से जुड़े मामलों की पड़ताल कर रही है।
दूरसंचार विभाग की सूची से सामने आए संदिग्ध नंबर
बीसलपुर पुलिस ने भारत सरकार के दूरसंचार विभाग से मिली 155 संदिग्ध मोबाइल नंबरों की सूची और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की है। दूरसंचार विभाग की एआई एवं डिजिटल इंटेलिजेंस यूनिट, संचार मंत्रालय की ओर से 23 अक्टूबर 2026 को ई-मेल के माध्यम से संदिग्ध नंबरों की सूची उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद बरेली जोन के डीआईजी और उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक साइबर क्राइम ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जांच में सामने आया कि सूची में शामिल कुछ मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल पहले भी लोगों के साथ ठगी करने या ठगी का प्रयास करने में किया गया था। शिकायतों के बाद इन नंबरों को बंद कराया गया था, लेकिन दोबारा सत्यापन के बाद कुछ नंबर फिर आवंटित हो गए। इसके बाद इन नंबरों से दोबारा साइबर अपराध की शिकायतें सामने आईं।
अंतरराष्ट्रीय साइबर नेटवर्क की आशंका
विभागीय विश्लेषण में कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबरों का संचालन दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों से होने की जानकारी भी सामने आई है। इससे अंतरराष्ट्रीय साइबर सिंडिकेट की सक्रियता की आशंका जताई गई है।बीसलपुर क्षेत्र के तीन नंबर सूची में सामने आने के बाद पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 90 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी से जुड़े बैंक खाते और मोबाइल नंबरों के इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध नंबरों का इस्तेमाल किन लोगों ने किया, साइबर ठगी के नेटवर्क से उनका क्या संबंध है और ऑनलाइन धोखाधड़ी की रकम किन खातों में पहुंची। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- ऋतिक द्विवेदी
