बरेली। सोशल मीडिया पर मॉल या रेस्टोरेंट पहुंचने की तस्वीर पोस्ट करते ही अनजान व्यक्ति आपकी लोकेशन तक पहुंच सकता है। ऑनलाइन गेमिंग में खरीदे जाने वाले डिजिटल कॉइन के पीछे साइबर अपराध से जुड़ा पैसा हो सकता है और पुलिस अधिकारी बनकर आने वाली वीडियो कॉल आपको लाखों रुपये की चपत लगा सकती है। साइबर अपराध के इन तरीकों को एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने गुरुवार को बरेली के बेदी इंटरनेशनल स्कूल में छात्राओं के सामने उदाहरणों के जरिए समझाया। ‘सुरक्षा कवच’ जागरूकता सत्र में उन्होंने छात्राओं को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने की सलाह दी। इस दौरान स्कूल का हॉल छात्राओं से खचाखच भरा रहा। अंशिका वर्मा ने सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर आगाह करते हुए कहा कि अपनी हर गतिविधि सार्वजनिक करना जरूरी नहीं है।
सोशल मीडिया पोस्ट से लोकेशन और निजी जानकारी हो सकती है लीक
अंशिका वर्मा ने बताया कि मॉल, रेस्टोरेंट या अन्य स्थान पर पहुंचने की तस्वीर और लाइव लोकेशन साझा करने से अनजान लोगों को आपकी मौजूदगी का पता चल सकता है। यदि कोई व्यक्ति आपकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है तो ऐसी पोस्ट उसके लिए मददगार साबित हो सकती हैं। उन्होंने खासकर छात्राओं को निजी तस्वीरें, दिनचर्या और व्यक्तिगत जानकारियां साझा करने में सावधानी बरतने को कहा। तस्वीरों की मॉर्फिंग और उनके गलत इस्तेमाल का खतरा भी समझाया। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया अकाउंट नहीं होना किसी की काबिलियत या समझदारी को कम नहीं करता। सत्र के दौरान उन्होंने बरेली के एक डॉक्टर से जुड़ी घटना का उदाहरण दिया। बताया कि साइबर अपराधियों ने खुद को पुलिस या जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर डॉक्टर को वीडियो कॉल पर डराया और 50 लाख रुपये ट्रांसफर कराने की कोशिश की। ठगों ने फर्जी वारंट और मुकदमे का भय दिखाते हुए उन्हें लगातार वीडियो कॉल पर बने रहने का दबाव बनाया। समय रहते पुलिस ने हस्तक्षेप किया और रकम ट्रांसफर होने से पहले डॉक्टर को बचा लिया। उन्होंने छात्राओं को समझाया कि किसी भी अनजान कॉल पर गिरफ्तारी का डर दिखाकर रुपये मांगे जाएं तो घबराने के बजाय पुलिस और परिवार को सूचना दें। साइबर अपराधी पढ़े-लिखे और जागरूक लोगों को भी निशाना बना सकते हैं।
गेमिंग ऐप के डिजिटल कॉइन से लेकर ऑनलाइन दोस्ती तक के खतरे
ऑनलाइन गेमिंग और वीडियो चैट रूम के खतरे बताते हुए एसपी साउथ ने बरेली के एक ग्रामीण क्षेत्र से जुड़ा उदाहरण भी साझा किया। उन्होंने बताया कि 14 से 18 वर्ष की उम्र के कुछ बच्चे गेमिंग ऐप और वीडियो चैट रूम में डिजिटल कॉइन खरीदकर लेनदेन कर रहे थे। जांच के दौरान विदेशी साइबर अपराध से जुड़े धन को गेमिंग ऐप के कॉइन के जरिये आगे बढ़ाए जाने की आशंका सामने आई। उन्होंने छात्राओं को आगाह किया कि अनजान ऐप डाउनलोड करने, उसमें पैसे लगाने या किसी दूसरे व्यक्ति के कहने पर अपने खाते से लेनदेन करने से बचें। अनजाने में भी संदिग्ध लेनदेन का हिस्सा बनने पर कानूनी परेशानी हो सकती है। अंशिका वर्मा ने ऑनलाइन गेमिंग के दौरान अनजान लोगों से संपर्क के खतरे को समझाने के लिए कक्षा पांच की एक छात्रा से जुड़ी घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि छात्रा ऑनलाइन गेम के जरिए कोलकाता के एक व्यक्ति के संपर्क में आई थी और बाद में उसके साथ चली गई थी। इस उदाहरण के जरिए उन्होंने समझाया कि इंटरनेट पर किसी की पहचान और उसके इरादों का पता लगाना आसान नहीं है। इसलिए ऑनलाइन मिले किसी व्यक्ति पर आंख बंद करके भरोसा न करें और न ही उससे अपनी निजी जानकारी साझा करें।
छात्राओं ने पूछे साइबर ठगी से बचने के उपाय, एसपी ने दिए सुरक्षा टिप्स
सुरक्षा कवच सत्र के दौरान छात्राओं ने भी साइबर अपराधों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं रखीं। कक्षा नौ की छात्रा अलशिफा, अदिति और दक्षता ने एसपी साउथ अंशिका वर्मा से सवाल किया कि अगर कोई ऑनलाइन फ्रॉड करने की कोशिश करे तो उससे बचने के लिए क्या उपाय अपनाने चाहिए? छात्राओं के सवालों का एसपी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया। उन्होंने समझाया कि किसी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें। ओटीपी, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें। ठगी की आशंका होने पर तुरंत अभिभावकों और पुलिस को सूचना दें। छात्राओं को साइबर सुरक्षा के व्यावहारिक उपाय भी बताए गए। उन्हें हर अकाउंट के लिए अलग और मजबूत पासवर्ड रखने, बैंकिंग के लिए अलग ईमेल आईडी इस्तेमाल करने, सार्वजनिक या दूसरे के डिवाइस पर लॉगिन करते समय ‘रिमेंबर मी’ विकल्प से बचने और किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी गई। संदिग्ध लिंक, कॉल या ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी अभिभावकों को देने और जरूरत पड़ने पर साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
सपना जरूर देखें, पूरा करने के लिए हर दिन मेहनत की एक ईंट जोड़ें
सत्र के दौरान एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने छात्राओं को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि जिंदगी में बड़ा सपना जरूर देखें और उसे पूरा करने के लिए हर दिन कुछ न कुछ मेहनत करें। उन्होंने अपनी तैयारी के दिनों का अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब उन्होंने तैयारी शुरू की थी, तब एक नोटबुक में लिखा था कि उन्हें अपना सपना पूरा करना है। उस मंजिल तक पहुंचने के लिए वह हर दिन मेहनत की एक ईंट जरूर लगाएंगी। उन्होंने छात्राओं को समझाया कि जिस तरह एक-एक ईंट जुड़कर इमारत तैयार होती है, उसी तरह रोज की छोटी-छोटी कोशिशें एक दिन बड़ी सफलता का आधार बनती हैं। इसलिए धैर्य और आत्मविश्वास बनाए रखें और दूसरों की नकारात्मक बातों से प्रभावित हुए बिना अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहें। सत्र के अंत में प्रिंसिपल डॉ. जसमीत साहनी ने सभी का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता सत्र आयोजित कराने की बात कही। कार्यक्रम में बेदी इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन अमनदीप बेदी, प्रिंसिपल डॉ. जसमीत साहनी, विशाल कर्मचंदानी, नाजिश शमसी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम में आयोजन टीम के सरफराज खान, प्रिया चतुर्वेदी, संजय शर्मा आदि भी उपस्थित रहे।
