बागपत। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच सीट बंटवारे को लेकर हलचल तेज हो गई है। बागपत लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसभा सीटों पर गठबंधन के बीच तीन-दो का फॉर्मूला लागू होने की चर्चा है। इसके तहत रालोद को तीन और भाजपा को दो सीटें मिलने की संभावना है। सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के नेताओं के बीच 24 नवंबर को पहली बैठक प्रस्तावित है। दिसंबर के पहले सप्ताह तक सीटों पर अंतिम मुहर लगने की उम्मीद है। विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आने के साथ दोनों दलों के नेता सीटों को लेकर असमंजस में हैं। किस सीट पर किस पार्टी का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा, इसका फैसला नहीं होने के कारण कई नेता खुलकर चुनावी मैदान में सक्रिय नहीं हो पा रहे हैं। अब अगले सप्ताह से सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू होने के साथ नेताओं का इंतजार खत्म होने की उम्मीद है। दोनों पार्टियों के बीच तीन दौर की बातचीत होने की संभावना है। दिसंबर के पहले सप्ताह तक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीटों की घोषणा की जाएगी। रालोद जिलाध्यक्ष डॉ. सुभाष गुर्जर के अनुसार, शीर्ष स्तर पर सीट बंटवारे को लेकर चर्चा शुरू हो चुकी है और जल्द ही तस्वीर साफ हो जाएगी।
छपरौली-सिवालखास रालोद के खाते में, मोदीनगर भाजपा के पास रहने की संभावना
बागपत लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसभा सीटों में वर्तमान में रालोद के दो और भाजपा के तीन विधायक हैं। छपरौली से रालोद के डॉ. अजय कुमार और सिवालखास से गुलाम मोहम्मद ने जीत दर्ज की थी। वहीं भाजपा के केपी मलिक बड़ौत, योगेश धामा बागपत और मंजू सिवाच मोदीनगर से विधायक हैं। सीट बंटवारे में छपरौली और सिवालखास सीट रालोद के पास रहने की संभावना है, जबकि मोदीनगर भाजपा के खाते में जाना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि बड़ौत और बागपत विधानसभा सीटों को लेकर अभी पेच फंसा हुआ है। इन दोनों सीटों पर दोनों दलों के बीच सहमति बनने के बाद ही अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा-रालोद गठबंधन के तहत बागपत लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभा सीटों पर रालोद के प्रत्याशी मैदान में उतरे थे। सिवालखास सीट पर सपा के गुलाम मोहम्मद को रालोद के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ाया गया था। गठबंधन टूटने के बाद भी वह रालोद में ही बने रहे।
बागपत सीट पर कांग्रेस की दावेदारी से सपा नेताओं की बढ़ी टेंशन
विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जिन 181 सीटों पर अपनी दावेदारी पेश की है, उनमें बागपत विधानसभा सीट भी शामिल है। कांग्रेस की दावेदारी सामने आने से बागपत सीट पर चुनाव की तैयारी कर रहे समाजवादी पार्टी के नेताओं की चिंता बढ़ गई है। बागपत विधानसभा सीट पर सपा के रवि बैंसला, बिल्लू प्रधान, संजीव त्यागी और राहुल अवाना टिकट के दावेदार हैं। ये नेता काफी समय से चुनाव की तैयारी में सक्रिय हैं और टिकट पाने के लिए जोर लगा रहे हैं। वहीं बड़ौत सीट पर शौकेंद्र तोमर और छपरौली सीट पर वर्तमान जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी की दावेदारी सामने है। कांग्रेस की ओर से बागपत सीट मांगे जाने के बाद सपा के टिकट दावेदारों के सामने गठबंधन की स्थिति को लेकर असमंजस बढ़ गया है। हालांकि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बागपत सीट पर कांग्रेस को केवल 1229 वोट मिले थे। पिछले चुनाव के आंकड़े कांग्रेस के पक्ष में मजबूत नहीं रहे, लेकिन गठबंधन में सीटों को लेकर होने वाली बातचीत के बाद ही तय होगा कि बागपत सीट किस दल के हिस्से में जाएगी।
