रामपुर। सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद जेल से रिहा होकर रामपुर पहुंचे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां ने 2027 के विधानसभा चुनाव को इंकलाब बताया। उनके बयान पर यूपी सरकार के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार करते हुए कहा कि आजम खां पहले अपनी जान बचाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खां ने जिंदगी भर गुलामी की है। राजभर ने आजम खां को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें हिम्मत है तो वह अखिलेश यादव से उत्तर प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री किसी मुस्लिम को घोषित करने की बात कहें। उन्होंने दावा किया कि ऐसा कहने पर अखिलेश यादव आजम खां को पार्टी से निकालकर बाहर कर देंगे।
रामपुर पहुंचते ही आजम खां ने दिखाए पुराने तेवर
डासना जेल से रिहा होने के बाद बुधवार रात रामपुर पहुंचे आजम खां ने देश की मौजूदा परिस्थितियों और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अब यकीन हो गया है कि देश आजाद है, लेकिन संविधान कैद है। संविधान की आजादी के लिए सभी को मिलकर आवाज उठानी होगी। आजम खां ने दावा किया कि 2027 में चुनाव नहीं, बल्कि इंकलाब होगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई धर्म और जाति के नाम पर नहीं, बल्कि मुद्दों पर लड़ी जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मकसद किसी से बदला लेना नहीं, बल्कि न्याय की लड़ाई लड़ना है।
संविधान और संवैधानिक संस्थाओं पर उठाए सवाल
रामपुर में अपने आवास के बाहर मीडिया से बातचीत में आजम खां ने कहा कि वह संविधान और कानून के लिए पहले भी मरने को तैयार थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। देश में संविधान की रक्षा और उसकी गरिमा बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की साख पर सवाल उठ रहे हैं। आज जिस तरह के कानून बनाए जा रहे हैं, उन पर गंभीरता से विचार होना चाहिए। संस्थाओं को अपना स्तर और विश्वसनीयता बचाकर रखनी चाहिए। लोकसभा और विधान परिषद चुनाव परिणामों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि जिन सीटों पर जीत मिली, वे भी उन्हें बेमानी लगीं।
विश्वविद्यालय बनाने वाले को भी निशाना बनाया जा सकता है
आजम खां ने तंज कसते हुए कहा कि बच्चों के लिए स्कूल और विश्वविद्यालय खोलने वाला भी माफिया हो सकता है? उन्होंने कहा कि अगर मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी करने वाला व्यक्ति ईडी का मुल्जिम हो सकता है तो विश्वविद्यालय बनाने वाले को भी निशाना बनाया जा सकता है। उनके इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में आजम खां और ओम प्रकाश राजभर के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।
