नई दिल्ली। सऊदी अरब में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के बीच विमानन कंपनी IndiGo ने बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन ने 30 नवंबर तक सऊदी अरब के चार प्रमुख शहरों जेद्दा, मदीना, रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें रद कर दी हैं। इस फैसले से सऊदी अरब में IndiGo की हवाई सेवाओं पर जारी व्यवधान और बढ़ गया है। इससे प्रभावित यात्रियों को अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ सकता है।
यात्रियों को दी जा रही रद्द उड़ानों की जानकारी
IndiGo ने बताया कि उड़ानें रद होने से प्रभावित यात्रियों को बुकिंग के दौरान दिए गए संपर्क विवरण के माध्यम से सूचना भेजी जा रही है। एयरलाइन क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रमों का आकलन कर रही है। कंपनी ने कहा कि प्रभावित यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थिति की समीक्षा के आधार पर आगे के संचालन को लेकर फैसला लिया जाएगा।
मिसाइल और ड्रोन हमलों की धमकियों के बीच फैसला
दरअसल, सऊदी अरब में हाल के दिनों में सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ी हैं। देश के विभिन्न शहरों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमलों की धमकियों के बाद सतर्कता बढ़ाई गई है। इसी के मद्देनजर विमानन कंपनियां अपने उड़ान संचालन की समीक्षा कर रही हैं। कई एयरलाइंस ने सेवाएं स्थगित करने या उड़ानों के शेड्यूल में बदलाव करने का फैसला लिया है।
एअर इंडिया और अकासा एअर ने भी बदला शेड्यूल
IndiGo के अलावा अन्य भारतीय एयरलाइंस ने भी सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों में बदलाव किया है। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद और दम्माम के लिए अपनी सेवाएं 30 नवंबर तक स्थगित कर दी हैं। वहीं, जेद्दा के लिए उनकी उड़ानें अलग-अलग समयसीमा के तहत प्रभावित हैं। इसी तरह अकासा एअर ने भी जेद्दा और रियाद के लिए अपनी उड़ानों का निलंबन नवंबर के अंत तक बढ़ा दिया है। ऐसे में सऊदी अरब की यात्रा करने वाले यात्रियों को एयरलाइन से अपनी उड़ान की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
