बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से हरिद्वार जा रही रोडवेज बस मीरगंज बस स्टैंड के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। बस हाईवे की रेलिंग तोड़कर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। हादसे में चालक और परिचालक समेत करीब छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
रेलिंग तोड़कर तालाब में गिरी बस
जानकारी के मुताबिक, रोडवेज बस शनिवार तड़के लखनऊ से यात्रियों को लेकर हरिद्वार जा रही थी। जैसे ही बस मीरगंज बस स्टैंड के पास पहुंची, अचानक चालक का नियंत्रण बस से हट गया। इसके बाद तेज रफ्तार बस हाईवे की रेलिंग तोड़कर सड़क किनारे तालाब में जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बस के तालाब में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
चालक को नींद की झपकी आने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।हालांकि, अभी हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
चालक-परिचालक समेत करीब छह घायल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराते हुए एंबुलेंस की मदद से घायल चालक, परिचालक और यात्रियों को अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई भी की गई।
