बेंगलुरु : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक दिल दहला देने वाला सामूहिक हत्याकांड सामने आया है। यहां एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी समेत परिवार के सात सदस्यों की हत्या करने का आरोप है। आरोपी की पहचान इंदुशेखर के रूप में हुई है। उसने पुलिस के सामने पारिवारिक विवाद के बाद सात लोगों की हत्या करने का दावा किया है। पुलिस को सात वर्षीय बच्चे पुनीत का शव नंदी हिल्स के पास मिला है, जबकि अन्य शवों की तलाश जारी है।
घरेलू विवाद बना हत्याकांड की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इंदुशेखर अपनी पत्नी सुनीता के मायके वालों से लगातार संपर्क बनाए रखने को लेकर नाराज रहता था। सूत्रों के मुताबिक, सुनीता और इंदुशेखर की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। झगड़े की एक वजह सुनीता का अपने मायके जाना बताया जा रहा है। परिवार के सदस्यों ने दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश भी की, लेकिन उनके मतभेद खत्म नहीं हुए। पुलिस को शक है कि पत्नी को उसकी मां और भाइयों का समर्थन मिलने से नाराज होकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
पत्नी, सास और साले समेत सात लोगों को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, मृतकों में आरोपी की पत्नी सुनीता, सास रूपवती, साले शिवकुमार और शंकर, सालियां दिव्या और नलिनी तथा शंकर का सात वर्षीय बेटा शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आरोपी ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की। इसके बाद उसने दोनों सालों को पार्टी देने के बहाने घर बुलाया और कथित तौर पर उनकी हत्या कर दी। बाद में उनकी पत्नियों, अपनी सास और बच्चों को भी निशाना बनाया।
दो दिनों में वारदात को दिया अंजाम, शव ठिकाने लगाने का आरोप
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने सबसे पहले सिलबट्टे से सुनीता की हत्या की और उसके शव को कपड़े में लपेटकर नंदी हिल्स के पास फेंक दिया। इसके बाद उसने सुनीता का मोबाइल फोन बंद कर दिया और पड़ोसियों से कहा कि वह कहीं घूमने गई है, ताकि किसी को शक न हो। अगले दिन आरोपी ने अपने दोनों सालों को पार्टी के बहाने घर बुलाया। पुलिस के मुताबिक, उसने सिलबट्टे से उनकी हत्या की और फिर परिवार के अन्य सदस्यों को भी मार डाला। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी ने घर में खून के निशान मिटाने के लिए रसायनों का इस्तेमाल किया। पुलिस ने कथित तौर पर शवों को ले जाने में इस्तेमाल की गई कार और हत्या में प्रयुक्त सिलबट्टे को बरामद कर लिया है।
सात साल के पुनीत का शव बरामद, बाकी शवों की तलाश जारी
मामले का खुलासा तब हुआ जब गुरुवार को नलिनी की मां ने श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में परिवार के सदस्यों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को हत्याकांड की जानकारी मिली और आरोपी इंदुशेखर को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद नंदी हिल्स की तलहटी के पास करीब चार घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस को सात वर्षीय पुनीत का शव मिला। बाकी लोगों के शवों की तलाश अभी जारी है। आरोपी ने पुलिस के सामने परिवार के सात सदस्यों की हत्या करने का दावा किया है, हालांकि पुलिस उसके बयान की पुष्टि के लिए जांच कर रही है।
आरोपी की बेटी की भूमिका समेत कई पहलुओं की जांच
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या हत्याओं को अंजाम देने में किसी अन्य व्यक्ति ने आरोपी की मदद की थी। जांच में आरोपी की बेटी की संभावित भूमिका को लेकर भी पड़ताल की जा रही है। इसके अलावा पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रिहायशी इलाके में स्थित घर में इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
