300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने किया वारदात का खुलासा, पासपोर्ट कार्यालय के पास स्कूटी सवार महिला से छीना था पर्स,दो तमंचे, मोबाइल, तीन एटीएम कार्ड और 1,810 रुपये बरामद
बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार महिला का पर्स छीनकर फरार दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को भरतौल रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने घिरने पर पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी उफैज़ा के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी शकील उर्फ शानू उर्फ नागराज को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस छिनैती की घटना का खुलासा करने के लिए करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली थी। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, महिला का छीना गया मोबाइल फोन, तीन एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, छह चाबियां और 1,810 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है।
पासपोर्ट कार्यालय के पास महिला से छीना था पर्स
पुलिस के अनुसार, तीन नवंबर की शाम एक महिला अपनी स्कूटी से सैटेलाइट की ओर से बीसलपुर चौराहे की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पासपोर्ट कार्यालय के पास बाइक सवार दो युवकों ने स्कूटी के हैंडल के पास टंगे पर्स पर झपट्टा मार दिया और उसे छीनकर फरार हो गए। पर्स में मोबाइल फोन, बैंक कार्ड, बैंक की अग्निरोधी फाइलिंग कैबिनेट की चाबी और नकदी रखी हुई थी। इस घटना के बाद पीड़िता ने चार नवंबर को बारादरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 304(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
300 CCTV कैमरों की फुटेज से अहम सुराग
महिला से हुई छिनैती की घटना को गंभीरता से लेते हुए बारादरी पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उनकी तलाश शुरू कर दी। गुरुवार, पांच नवंबर को पुलिस टीम भरतौल रोड पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी।इसी दौरान मुखबिर से बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों के बारे में सूचना मिली। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपियों ने तमंचों से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
जवाबी फायरिंग में उफैज़ा के पैर में लगी गोली
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की ओर से की गई फायरिंग के बाद आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान काजीटोला निवासी 26 वर्षीय उफैज़ा के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसके दूसरे साथी मोहन तालाब, एजाज नगर गौटिया निवासी 38 वर्षीय शकील उर्फ शानू उर्फ नागराज को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल उफैज़ा को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरे आरोपी के खिलाफ न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
शौक पूरे करने के लिए करते थे छिनैती, पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे कोई काम-धंधा नहीं करते और अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी तथा छिनैती की वारदातों को अंजाम देते थे आरोपियों ने तीन नवंबर को इसी मोटरसाइकिल से स्कूटी सवार महिला का पर्स छीनने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को भी दोनों आरोपी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में निकले थे। इसी दौरान चेकिंग के समय पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। गिरफ्तारी के डर से उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
शकील पर हत्या समेत पहले से दर्ज हैं चार मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शकील उर्फ शानू उर्फ नागराज का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2020 के दो और वर्ष 2021 का एक मुकदमा आर्म्स एक्ट से संबंधित है। इसके अलावा वर्ष 2022 में उसके खिलाफ हत्या की धारा 302 आईपीसी के तहत भी मुकदमा दर्ज हुआ था। वर्तमान छिनैती और पुलिस मुठभेड़ से संबंधित दो मुकदमों को मिलाकर शकील के खिलाफ कुल छह मुकदमों का विवरण पुलिस ने जारी किया है। वहीं, घायल आरोपी उफैज़ा के खिलाफ वर्तमान घटना से संबंधित दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
दो तमंचे, मोबाइल और तीन बैंक के एटीएम कार्ड बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा सफेद रंग का ओप्पो मोबाइल फोन,आईसीआईसीआई बैंक, बैंक ऑफ इंडिया और एचडीएफसी बैंक के तीन एटीएम कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, छह चाबियां और 1,810 रुपये नकद मिले हैं। पुलिस ने महिला से पर्स छीनने की घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद कर ली है। मुठभेड़ के संबंध में बारादरी थाने में मुकदमा संख्या 1381/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह के नेतृत्व में गिरफ्तारी
पूरी कार्रवाई बारादरी थाना प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में जगतपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मुनेन्द्र कुमार, रूहेलखंड चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नितिन राणा, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक अमित कुमार, हेड कांस्टेबल विनीत कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
