धनतेरस और दिवाली पर बाजारों में भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस की एडवाइजरी, दोपहर 2 बजे से रात 1 बजे तक लागू रहेंगे प्रतिबंध, GIC और विशप इंटर कॉलेज में होगी पार्किंग
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में धनतेरस और दिवाली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह व्यवस्था 6 से 8 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से रात 1 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का मार्ग परिवर्तन किया जाएगा। प्रमुख बाजार क्षेत्रों में तीन पहिया, चार पहिया वाहनों और ई-रिक्शा के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
भारी वाहनों के लिए बदले गए रास्ते
एसपी यातायात अकमल खान ने बताया कि त्योहारों पर सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को परेशानी से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है। इसके तहत परसाखेड़ा रोड नंबर एक, ट्रांसपोर्ट नगर, सेटेलाइट तिराहा और रामगंगा तिराहा समेत कई प्रमुख स्थानों से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दिल्ली और रामपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों को झुमका तिराहा से परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र रोड नंबर एक या बड़े बाईपास से इन्वर्टिस तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक आने-जाने की अनुमति होगी। वहीं, लखनऊ और बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
प्रमुख बाजारों में ई-रिक्शा और कारों की नो एंट्री
श्यामगंज, बरेली कॉलेज पश्चिमी गेट, सिकलापुर चौराहा, खलील तिराहा और कुतुबखाना समेत कई प्रमुख बाजार क्षेत्रों में तीन पहिया, चार पहिया वाहनों और ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा किला क्रॉसिंग, सूद धर्मकांटा, कोहाड़ापीर और पटेल चौक जैसे स्थानों से भी बड़े बाजार की ओर इन वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। इन प्रतिबंधों का उद्देश्य बाजारों में जाम रोकना और पैदल खरीदारी करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
यहां कर सकेंगे वाहनों की पार्किंग
यातायात पुलिस ने बाजार आने वाले लोगों के वाहनों के लिए दो प्रमुख पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। इनमें जीआईसी कॉलेज ग्राउंड और विशप इंटर कॉलेज ग्राउंड शामिल हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें। इससे त्योहारों के दौरान शहर में जाम की स्थिति से राहत मिल सकेगी।
