‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत निकलेगी करीब 2.15 के किलोमीटर लंबी पदयात्रा,स्वयंवर बरातघर से बांके बिहारी मंदिर, शिवाजी चौक होते हुए शहीद पंकज अरोड़ा चौक तक पहुंचेगा मार्च
बरेली : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपना संगठनात्मक अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार, यानी 3 नवंबर को बरेली में भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बड़ी पदयात्रा निकालकर शक्ति प्रदर्शन करेगी। इस पदयात्रा का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रज क्षेत्र की प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य गीता शाक्य के भी शामिल होने का कार्यक्रम है।पार्टी ने इस आयोजन में करीब 25 हजार पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसमें ब्रज क्षेत्र के 19 जिलों और 65 विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है।
स्वयंवर बरातघर से शुरू होगी पदयात्रा
भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, कार्यकर्ता और पदाधिकारी स्वयंवर बरातघर में एकत्र होंगे। यहां से जेपी नड्डा और केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में पदयात्रा शुरू होगी। इसमें यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, धर्मपाल सिंह, डॉ.अरुण सक्सेना समेत तमाम भाजपा के नेता शामिल होंगें। यह मार्च बांके बिहारी मंदिर होते हुए छत्रपति शिवाजी चौक पहुंचेगा। यहां छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।इसके बाद यात्रा शहीद पंकज अरोड़ा चौक तक पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। पदयात्रा की दूरी करीब दो से 2.15 किलोमीटर बताई गई है।
ट्रेन से पहुंचेंगे जेपी नड्डा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा बरेली जंक्शन पर ट्रेन से पहुंचेंगे।कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह हवाई मार्ग से रवाना होंगे।भाजपा पदाधिकारियों ने पदयात्रा को सफल बनाने के लिए ब्रज क्षेत्र के विभिन्न जिलों में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। संगठन की ओर से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है।
केशव प्रसाद मौर्य का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार सुबह 11:40 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद रिजर्व पुलिस लाइन में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे। फिर राजेंद्रनगर में घनश्याम खंडेलवाल के आवास पर जाएंगे। दोपहर 1:35 बजे स्वयंवर बरातघर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 3:30 बजे सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। शाम 4:40 बजे एयरपोर्ट पहुंचकर 4:45 बजे राजकीय विमान से लखनऊ रवाना होंगे।
SIR और विपक्ष के आरोपों के बीच भाजपा का अभियान
भाजपा इस पदयात्रा के जरिए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित वोट चोरी को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों के बीच अपना पक्ष जनता तक पहुंचाने की तैयारी में है। पार्टी का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान प्रदेश के छह संगठनात्मक क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। बरेली में ब्रज क्षेत्र की पदयात्रा की जिम्मेदारी जेपी नड्डा को दी गई है। इस आयोजन को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं की सक्रियता दिखाने की कवायद के तौर पर भी देखा जा रहा है।
