3 नवंबर को दोपहर 12:05 बजे हेलीकॉप्टर से नूरानपुर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री, हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा
पीलीभीत: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार, 3 नवंबर को पीलीभीत के दौरे पर पहुंचेंगे। वह बीसलपुर तहसील के नूरानपुर स्थित गोरक्ष पीठ आश्रम में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। जारी कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री दोपहर 12:05 बजे हेलीकॉप्टर से नूरानपुर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएम और एसपी समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।
26 अक्टूबर से चल रही श्रीराम कथा का होगा समापन
गांव नूरानपुर स्थित गोरक्ष पीठ आश्रम के शिव मंदिर परिसर में 26 अक्टूबर से नौ दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। 3 नवंबर को कथा का समापन होना है। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में शामिल होने का दौरा तय हुआ है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री केवल धार्मिक आयोजन में शामिल होंगे। उनके दौरे में किसी लोकार्पण या अन्य सरकारी कार्यक्रम का प्रस्ताव नहीं है।
हेलीपैड और पंडाल की तैयारियों का निरीक्षण
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए आश्रम परिसर में हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल और पंडाल तैयार किया जा रहा है। डीएम और एसपी ने आश्रम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। अधिकारी हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर उतरने की व्यवस्था, स्थल की मजबूती, साफ-सफाई और बैरिकेडिंग की जांच कर रहे हैं। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और रूट डायवर्जन की तैयारियों की भी समीक्षा की जा रही है।
रिपोर्ट: ऋतिक द्विवेदी
