फरीदपुर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल, कब्जे से लूटी पीली धातु के कुंडल, 32 बोर का तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बराम
बरेली : यूपी के बरेली में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदपुर पुलिस और एसओजी -2 की टीम को बड़ी सफलता मिली है। पत्नी के कान से कुंडल लूटकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से महिला से लूटा गया पीली धातु का कुंडल, 32 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
ढाबे के पास बाइक सवार बदमाश ने लूटे कुंडल
यह मामला फरीदपुर थाना क्षेत्र का है। कैंट थाना क्षेत्र के कमालपुर पालपुर गांव निवासी सुनील 30 अक्टूबर को अपनी पत्नी ईशु के साथ बाइक से फरीदपुर स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। शाम करीब पांच बजे जब वे दशमेश ढाबे के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार बदमाश ने उनकी पत्नी के कान से कुंडल खींच लिया और मौके से फरार हो गया। अचानक हुई इस वारदात के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने फरीदपुर थाने में अज्ञात बदमाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
CCTV फुटेज के बाद यक्ष एप से आरोपी की पहचान
लुटेरे की तलाश में पुलिस ने तकनीक की मदद ली। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध का चेहरा दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने यक्ष एप के ‘चेहरे से खोजें’ फीचर का इस्तेमाल किया। इस फेस रिकग्निशन सुविधा के जरिए पुलिस को संदिग्ध की पहचान करने में मदद मिली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान फरीदपुर थाना क्षेत्र के बकैनिया गांव निवासी 28 वर्षीय देवराज के रूप में हुई। पहचान सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।
पुलिस ने घेराबंदी की तो तमंचे से कर दी फायरिंग
सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि कुंडल लूट का आरोपी उगनपुर गांव के पास बाइक से घूम रहा है और किसी दूसरी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर एसओजी-2 और फरीदपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मोहनपुर गांव के पास कच्ची नहर पटरी पर चेकिंग शुरू कर दी। सुबह करीब 7:30 बजे बाइक से आ रहे एक संदिग्ध को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बिना नंबर प्लेट की बाइक से कर रहा था वारदात, कुंडल बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस ने चेसिस नंबर के आधार पर ई-चालान एप से जांच की तो उसका पंजीकरण नंबर यूपी25ईडी6693 सामने आया। पुलिस के मुताबिक, यही बाइक 30 अक्टूबर को हुई कुंडल लूट की वारदात में इस्तेमाल की गई थी। आरोपी के पास से महिला का लूटा गया पीली धातु का कुंडल, 32 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है। बरामदगी के बाद पुलिस ने हथियार और बाइक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी पर चोरी, लूट और अपहरण समेत आठ मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी देवराज का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है।उसके खिलाफ बरेली के बारादरी,फरीदपुर और इज्जतनगर थानों में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, अपहरण, धमकी, अवैध हथियार और गिरोहबंद कानून से संबंधित मामले शामिल हैं। फिलहाल आरोपी जिला अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस कुंडल लूट की घटना, मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग और बरामद अवैध हथियार के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
यक्ष एप की तकनीक से खुला लूट का मामला
इस पूरे घटनाक्रम में सीसीटीवी फुटेज और यक्ष एप के फेस रिकग्निशन फीचर की भूमिका महत्वपूर्ण रही। घटनास्थल से मिले फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में पुलिस को मदद मिली और इसके बाद घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। महिला के कान से कुंडल लूटने की घटना के महज तीन दिन बाद आरोपी की गिरफ्तारी और लूटा गया कुंडल बरामद होना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
