गोरखपुर : कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की ओर से संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने और जनता को गुमराह करने के आरोपों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में तीन दिवसीय शांति पदयात्रा निकालेगी। पार्टी ने इस अभियान को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ नाम दिया है। इसके तहत 4 नवंबर को गोरखपुर में आयोजित होने वाली पदयात्रा का नेतृत्व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इसमें शामिल होंगे। भाजपा ने गोरखपुर क्षेत्र से करीब 40 हजार कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है।
पंकज चौधरी ने कांग्रेस और विपक्ष पर साधा निशाना
रविवार को एनेक्सी भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने तथा जनता के मन में भ्रम पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा पदयात्रा के माध्यम से जनता के बीच जाकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देगी। पंकज चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान और उसकी संस्थाओं की मर्यादा एवं सम्मान बनाए रखना भी जरूरी है।
कांग्रेस की रैली को लेकर भी उठाए सवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस की रैली पर निशाना साधते हुए कहा कि उसमें 10 लाख लोगों के जुटने की घोषणा की गई थी, लेकिन उनके आकलन के मुताबिक केवल 25 से 30 हजार लोग ही पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष कुछ लोगों को दिल्ली में जुटाकर यह दिखाने का प्रयास कर रहा है कि पूरा देश उसके साथ है। उन्होंने कहा कि भाजपा पदयात्रा के जरिए जनता तक यह संदेश पहुंचाएगी कि देश के नागरिक संविधान और संवैधानिक व्यवस्था में विश्वास रखते हैं।
गोरखपुर के 12 जिलों में तैयारियां अंतिम चरण में
पदयात्रा की तैयारियों को लेकर रविवार को भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। इसमें गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 जिलों के पदाधिकारी, सांसद और विधायक शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने तैयारियों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं से हर मंडल, बूथ तथा घर तक पहुंचकर लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया। प्रदेश महामंत्री एवं यात्रा प्रभारी दिलीप पटेल ने कहा कि गोरखपुर क्षेत्र के सभी 12 जिलों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने पदयात्रा को जनता के बीच सच पहुंचाने का संकल्प बताया। क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जवाब जनता इस पदयात्रा के माध्यम से देगी।
2027 में भाजपा फिर बनाएगी सरकार: पंकज चौधरी
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तर प्रदेश में भाजपा की जमीन नहीं होने संबंधी बयान पर पंकज चौधरी ने कहा कि प्रदेश में किसकी राजनीतिक जमीन है, इसका फैसला जनता करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों से जनकल्याणकारी योजनाएं जनता तक पहुंचाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की पहचान बदली है। कानून-व्यवस्था और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में हुए कार्यों का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में भाजपा फिर सरकार बनाएगी और हैट्रिक लगाएगी।
