आचार्य नरेंद्र देव की 137वीं जयंती और सरदार पटेल की जयंती पर सपा मुख्यालय में दी श्रद्धांजलि, एसपी चीफ ने भाजपा पर लगाया स्कूल बंद करने, सरकारी अस्पतालों को बर्बाद करने और बेरोजगारी बढ़ाने का आरोप
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को आचार्य नरेंद्र देव की 137वीं जयंती और भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने गोमती नदी के किनारे स्थित आचार्य नरेंद्र देव की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद सपा मुख्यालय में दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान अखिलेश ने भाजपा को नकारात्मक सोच वाला दल बताते हुए कहा कि भाजपा राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि गैंग है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना लिया है। कार्यकर्ता एकजुट होकर मुकाबले के लिए तैयार हैं। ये लोग यूपी से हटेंगे तो देश से हटेंगे।
शांतिपूर्ण क्रांति से समाज को मिलती है दिशा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आचार्य नरेंद्र देव को महान शिक्षाविद, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और समाजवादी चिंतक बताया। उन्होंने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव ने समाजवादी आंदोलन को नई दिशा दी। उनका मानना था कि शांतिपूर्ण क्रांति से ही समाज को सही दिशा मिल सकती है। शिक्षा समाज को बदलने का सबसे बड़ा माध्यम है। अखिलेश ने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव के विचारों को आगे बढ़ाने और सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने का संकल्प दोहराया गया है।
भाजपा राजनीतिक दल नहीं, गैंग है!
पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा पर साम्प्रदायिक राजनीति और सामाजिक विभाजन को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा नकारात्मक सोच का दल और दरारवादियों का एक गुट है।अखिलेश ने सरदार पटेल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने आजादी के बाद रियासतों को एकजुट कर देश को मजबूत बनाया था। उन्होंने आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने के ऐतिहासिक प्रसंग का भी जिक्र किया और कहा कि आज देश को सबसे बड़ा खतरा साम्प्रदायिक ताकतों से है।
यूपी की जनता ने भाजपा के सफाए का मन बना लिया- अखिलेश

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने महंगाई और बेरोजगारी बढ़ाई है।किसान,नौजवान,व्यापारी और समाज का हर वर्ग परेशान है।उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए सपा कार्यकर्ता एकजुट होकर काम कर रहे हैं। एमएलसी चुनाव में कार्यकर्ताओं ने जिस तरह मेहनत की है, उसी तरह आम जनता के बीच काम किया गया तो भाजपा का उत्तर प्रदेश से सफाया हो जाएगा।उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘बहुत देर कर दी मेहरबां आते-आते, उत्तर प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि भारतीय जनता पार्टी का सफाया हो इस बार।’
सरकारी स्कूलों और अस्पतालों को लेकर सरकार पर सवाल
सपा प्रमुख अखिलेश ने प्रदेश में सरकारी शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में 26 हजार प्राथमिक स्कूल बंद कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव जैसे शिक्षाविद शिक्षा को समाज सुधार का माध्यम मानते थे, लेकिन सरकार स्कूलों को बंद कर रही है। अखिलेश ने सरकारी अस्पतालों की स्थिति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को कमजोर किया जा रहा है और निजी अस्पतालों को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने निजी अस्पतालों के पंजीकरण के आंकड़ों का हवाला देते हुए सरकार की स्वास्थ्य नीति पर सवाल उठाए।
रोजगार और कानून व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के एक लाख नौकरियां देने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगस्त में कितनी नौकरियां दी गईं? उन्होंने आरोप लगाया कि तीन महीने में नौकरी के मामले में सरकार का प्रदर्शन शून्य रहा। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश ने प्रदेश की कानून व्यवस्था, महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध, हत्याओं, साइबर फ्रॉड, पुलिस हिरासत में मौतों और दलित -पिछड़े समाज के उत्पीड़न का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री को इन मामलों की समीक्षा करनी चाहिए। इसके साथ ही जेलों में पीडीए समाज के लोगों की संख्या, निर्दोषों पर बुलडोजर कार्रवाई और पुलिस व्यवस्था को लेकर भी सवाल किए।
सरदार पटेल को बताया ‘साइलेंट सोशलिस्ट
सपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपनी सूझबूझ से देश की रियासतों का विलय कर भारत को एकजुट किया। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान किसानों के लिए किए गए संघर्ष को भी याद किया। अखिलेश ने कहा कि सरदार पटेल का रास्ता और विचारधारा समाजवादी थी। आचार्य नरेंद्र देव का रास्ता समाजवादी था तो सरदार पटेल का रास्ता ‘साइलेंट सोशलिस्ट’ का था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी दोनों महापुरुषों के विचारों पर चलकर खुशहाली, समानता और सम्पन्नता का समाज बनाना चाहती है।
जो होता भाजपाई, वो पैदा करता खाई!
उन्होंने सोशल मीडिया पर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, ‘जो होता भाजपाई, वो पैदा करता खाई।’ उन्होंने भाजपा पर सजातीय तुष्टीकरण और जातिवादी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिनकी राजनीति एक जाति के विरोध पर टिकी हो, वे जब भी बोलेंगे झूठ बोलेंगे। अखिलेश ने सामाजिक विभेद को राष्ट्रीय एकता के लिए खतरा बताते हुए कहा कि जो लोग एकरंगी हैं, वे बहुरंगी एकता की बात कैसे कर सकते हैं।
सपा ने दोहराया सामाजिक न्याय और बंधुराष्ट्र का संकल्प
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने आचार्य नरेंद्र देव की जयंती पर उन्हें समाजवादी चिंतन का प्रकाश स्तंभ बताते हुए सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने और बंधुराष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ल श्यामलाल पाल, पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी, राम अचल राजभर, रविदास मेहरोत्रा, जासमीर अंसारी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, विधायक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
