ग्रेटर नोएडा की महागुन मायवुड्स सोसायटी में शुक्रवार सुबह हादसा, पूजा के लिए फूल तोड़ते समय सीढ़ी से फिसलकर नीचे गिरे पिता और 11 वर्षीय बेटा
ग्रेटर नोएडा: शहर के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित महागुन मायवुड्स सोसायटी में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। बालकनी से गिरकर 40 वर्षीय पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार को शुक्रवार को खाटू श्याम मंदिर जाना था। मंदिर जाने से पहले पिता और बेटा पूजा के लिए बालकनी में लगे पौधों से फूल तोड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए। पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पूजा के लिए फूल तोड़ने गए थे पिता और बेटा
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान रणदीप पात्रा (40) और उनके बेटे आरव (11) के रूप में हुई है। दोनों महागुन मायवुड्स सोसायटी के टावर-23 में रहते थे। शुक्रवार सुबह परिवार को खाटू श्याम मंदिर जाना था। इसकी तैयारी के तहत रणदीप और आरव पूजा के लिए बालकनी में लगे पौधों से फूल तोड़ने गए थे। बताया जा रहा है कि फूल तोड़ने के लिए सीढ़ी का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान दोनों का पैर फिसल गया और वे बालकनी से नीचे गिर गए। हादसे के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना पीआरवी के माध्यम से बिसरख थाना पुलिस को मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नोएडा की सुपरनोवा बिल्डिंग में भी हुआ था हादसा
इससे पहले नोएडा की सुपरनोवा बिल्डिंग में भी एक दर्दनाक घटना सामने आई थी। यहां एक युवक ने इमारत की 43वीं मंजिल से छलांग लगा दी थी। बताया गया था कि युवक सुपरनोवा के एयरबीएनबी में ठहरा हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
