30 अक्टूबर को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) के आयोजन के मद्देनजर डीआईओएस के निर्देश, माध्यमिक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के सभी विद्यालयों में घोषित किया गया शैक्षणिक अवकाश
बरेली : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) के आयोजन को देखकर बरेली समेत यूपी के 70 जिलों में शुक्रवार यानी 30 अक्टूबर को कक्षा 12 तक के विद्यालयों में शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) डॉ. अजीत कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा के सुचारु, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध विद्यालय बंद रहेंगे।डीआईओएस के अनुसार, प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 30 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को आयोजित की जानी है।परीक्षा की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखने और संबंधित निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए 30 अक्टूबर को जिले के विद्यालयों में शैक्षणिक अवकाश रहेगा।
परीक्षा ड्यूटी में लगे
शिक्षक-कर्मचारियों को मिली जिम्मेदारी
विद्यालयों में शैक्षणिक अवकाश घोषित होने के बावजूद उन शिक्षकों और कर्मचारियों को ड्यूटी से छूट नहीं मिलेगी।जिनकी तैनाती PET-2026 की परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं में की गई है। डीआईओएस ने स्पष्ट किया कि ऐसे शिक्षक और कर्मचारी अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे और तय समय-सारिणी के अनुसार परीक्षा कार्य में सहयोग देंगे।
बरेली में बनाए गए हैं 23 परीक्षा केंद्र
PET-2026 के लिए बरेली जिले में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को दो-दो पालियों में आयोजित की जानी है। परीक्षा को लेकर केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। पिछले वर्ष यह परीक्षा जिले में 45 केंद्रों पर आयोजित हुई थी, जबकि इस बार केंद्रों की संख्या घटाकर 23 कर दी गई है। इस बार कुछ विद्यालयों को पहली बार परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें सीबीएसई से संबद्ध कुछ स्कूल भी शामिल हैं।
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के निर्देश
डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह सुचितापूर्ण, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शासन और शिक्षा निदेशक के निर्देशों का अनुपालन किया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभिभावक और विद्यार्थी रखें ध्यान
शुक्रवार,को बरेली जिले में कक्षा 12 तक के माध्यमिक, सीबीएसई और आईसीएसई विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी। हालांकि, परीक्षा ड्यूटी में तैनात शिक्षक -कर्मचारी अपने निर्धारित कार्य पर उपस्थित रहेंगे। अभिभावकों और विद्यार्थियों को विद्यालय से संबंधित किसी विशेष सूचना या व्यवस्था के लिए अपने स्कूल से संपर्क कर जानकारी प्राप्त करनी चाहिए।
