पीलीभीत के जिला उद्योग केंद्र में तैनात हिमांशु कुमार पर वाटर प्लांट लगाने के लिए लोन पास कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू
बरेली/पीलीभीत : सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ।कार्रवाई कर भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मंडल की टीम ने बुधवार को पीलीभीत में जिला उद्योग केंद्र के एक वरिष्ठ सहायक को कथित तौर पर 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान हिमांशु कुमार के रूप में हुई है, जो जिला उद्योग केंद्र पीलीभीत में वरिष्ठ सहायक (सीनियर क्लर्क) के पद पर तैनात है।भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ओर से बताया कि टीम ने आरोपी को कार्यालय परिसर से रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ा।
वाटर प्लांट के लोन के लिए रिश्वत मांगने का आरोप
पीलीभीत जनपद के बहादुरपुर हुक्मी निवासी सुरेंद्र कुमार पुत्र कंचन लाल ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी।शिकायतकर्ता का आरोप था कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत वाटर प्लांट लगाने के लिए लोन स्वीकृत कराने के एवज में उससे 5,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली की टीम ने मामले का संज्ञान लिया और नियमानुसार कार्रवाई की। इसके बाद ट्रैप टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ने की योजना बनाई।
जिला उद्योग केंद्र में की कार्रवाई
भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ओर से बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में बरेली मंडल की टीम ने कार्रवाई की। 28 अक्टूबर 2026 को ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी ने अन्य टीम सदस्यों के साथ पीलीभीत स्थित जिला उद्योग केंद्र में कार्रवाई की।दोपहर करीब 12:20 बजे आरोपी हिमांशु कुमार को शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
बताया जाता है कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कराने की कार्रवाई की जा रही है।भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली मंडल ने आम लोगों से भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें करने की अपील की है। पुलिस उपाधीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली के मोबाइल नंबर 9454405475 और प्रभारी निरीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन, बरेली इकाई/थाना के मोबाइल नंबर 9454401653 जारी किए गए हैं।
