बीमारी और मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक कर बनाई भागने की योजना, जेलकर्मी गंभीर रूप से घायल; फरार कैदियों की तलाश में 17 विशेष टीमें तैनात
चेन्नई: तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्कम्पट्टी जेल से सोमवार देर रात 17 कैदी सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, अब तक चार फरार कैदियों को दोबारा गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य कैदियों की तलाश जारी है।
बीमारी का नाटक कर जेल से भागे कैदी
पुलिस के अनुसार, सभी 17 कैदी एक ही बैरक में बंद थे। उन्होंने योजना के तहत जेल कर्मचारियों को सूचना दी कि एक कैदी की तबीयत खराब हो गई है और उसे मिर्गी का दौरा पड़ा है। जैसे ही कर्मचारी मदद के लिए बैरक के अंदर पहुंचे, कैदियों ने अचानक उन पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। हमले में थेनी जिला जेल के ग्रेड-द्वितीय पुलिसकर्मी थंगापांडी के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल जी. विलाक्कु सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। ड्यूटी पर तैनात दो अन्य जेलकर्मियों को भी हल्की चोटें आई हैं।
चार कैदी गिरफ्तार, 17 विशेष टीमें तलाश में जुटीं
दक्षिण क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजयेंद्र बिदारी के अनुसार, फरार कैदियों में से चार को दोबारा पकड़ लिया गया है। बाकी कैदियों को गिरफ्तार करने के लिए 17 विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रही है। घटना के बाद मदुरै, डिंडीगुल और पड़ोसी राज्य केरल के इडुक्की जिले की पुलिस को सतर्क कर दिया गया है। डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार ने बताया कि सुरक्षा बढ़ाने के लिए जिले में 16 स्थानों पर जांच चौकियां बनाई गई हैं।
राजमार्ग पर वाहनों की जांच, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
डिंडीगुल-थेनी राजमार्ग पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। फरार कैदियों की तस्वीरें आसपास के पुलिस थानों को भेजी गई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना पर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के राज्यसभा सांसद पी. विल्सन ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर जेल से कैदियों के फरार होने की घटना को शर्मनाक बताया और राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। विल्सन ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी की।
