बिथरी चैनपुर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया ट्रक चालक, दीपावली की सफाई के दौरान महिला की मौत, मीरगंज में बाइक से गिरकर वीरवती की गई जान
बरेली : यूपी के बरेली जिले में अल-अलग स्थानों पर हुए तीन दर्दनाक हादसों में एक ट्रक चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। बिथरी चैनपुर क्षेत्र में ट्रक की सफाई करते समय चालक हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जबकि बहेड़ी के शकरस गांव में दीपावली की तैयारी के दौरान घर की सफाई कर रही महिला की करंट लगने से जान चली गई। वहीं, मीरगंज क्षेत्र के ठिरिया खुर्द गांव में बेटे के साथ बाजार जा रही 60 वर्षीय महिला चलती बाइक से सड़क पर गिर गईं। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से ट्रक चालक की मौत
शहर के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के रजऊ परसपुर में सोमवार को ट्रक की सफाई करते समय चालक की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बदायूं जिले के दातागंज क्षेत्र के सैदुल्लापुर निवासी हरपाल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, हरपाल सोमवार को रजऊ परसपुर में अपने ट्रक के ऊपर चढ़कर सफाई कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने के बाद वह संतुलन खोकर ट्रक से नीचे सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर बिथरी चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे ने भारी वाहनों के ऊपर काम करते समय बिजली की लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की जरूरत को भी सामने ला दिया।
दीपावली की सफाई करते समय महिला को लगा करंट, मौत
बरेली देहात के बहेड़ी क्षेत्र के शकरस गांव में सोमवार दोपहर दीपावली की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर की साफ-सफाई कर रही 26 वर्षीय स्वाति करंट की चपेट में आ गईं। परिजन उन्हें तत्काल बहेड़ी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, स्वाति घर में दीपावली के त्योहार की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान घर में लगे बिजली के तार में करंट उतरने से वह उसकी चपेट में आ गईं। हादसे के बाद परिजन उन्हें बचाने के लिए अस्पताल पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। स्वाति की मौत से परिवार की त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा दक्ष सात वर्ष का है, जबकि छोटा बेटा लक्ष्य चार वर्ष का है। मां की अचानक मौत से दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बहेड़ी कोतवाली के इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा के अनुसार, परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इसके चलते शव उन्हें सौंप दिया गया।
बेटे के साथ बाजार जा रही थीं वीरवती, बाइक से गिरकर मौत
देहात के मीरगंज क्षेत्र के ठिरिया खुर्द गांव में रविवार को हुए हादसे में 60 वर्षीय वीरवती पत्नी ब्रजलाल की मौत हो गई। वह अपने छोटे बेटे वीरेंद्र के साथ मोटरसाइकिल से मीरगंज बाजार जा रही थीं। गांव से कुछ दूरी पर चलती बाइक से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद बेटे वीरेंद्र ने आसपास के लोगों की मदद से उन्हें उठाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मीरगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद वीरवती को मृत घोषित कर दिया। उनकी अचानक मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।वीरवती अपने पीछे तीन बेटे और दो बेटियों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। मां की मौत से पति ब्रजलाल, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।
तीन हादसों से परिवारों में पसरा मातम
बरेली जिले में हुए इन तीन हादसों ने तीन परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया। कहीं हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से ट्रक चालक की जान चली गई, तो कहीं दीपावली की सफाई के दौरान महिला की मौत हो गई। वहीं, बाजार जाते समय बाइक से गिरने के कारण बुजुर्ग महिला की जिंदगी खत्म हो गई। तीनों घटनाओं में परिजनों ने अपने प्रियजनों को खो दिया।
