महेशपुर स्थित महानगर कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक, ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान पर जोर; समाजवादी पार्टी छोड़कर कुछ लोगों ने एआईएमआईएम की सदस्यता ली
बरेली: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की बरेली महानगर इकाई की ओर से रविवार, 25 अक्टूबर 2026 की शाम महेशपुर स्थित महानगर कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी चुनावों की तैयारियों, संगठन को मजबूत बनाने और महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी की गतिविधियों का विस्तार करने पर चर्चा हुई। इस दौरान कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
वसीम सिद्दीकी बने महानगर महासचिव
बैठक में संगठन के प्रति सक्रियता और कार्यों को देखते हुए वसीम सिद्दीकी को महानगर सचिव से पदोन्नत कर महानगर महासचिव बनाया गया। अशफाक सैफी को महानगर संगठन मंत्री और अनीस खान को महानगर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, शरीक हुसैन को वार्ड नंबर 45, महेशपुर का वार्ड अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पदाधिकारियों ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी की नीतियों और विचारधारा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ अभियान पर जोर
बैठक में आगामी चुनावों की बेहतर तैयारी के लिए बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय बनाने और जनसंपर्क बढ़ाने पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने तथा पार्टी के संगठनात्मक विस्तार के लिए मिलकर काम करने का संकल्प जताया।
समाजवादी पार्टी छोड़कर कुछ लोगों ने ली सदस्यता
बैठक के दौरान कुछ लोगों ने समाजवादी पार्टी छोड़कर एआईएमआईएम की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने की अपील की। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष अन्ने सकलैनी, महानगर महासचिव वसीम सिद्दीकी, महानगर संगठन मंत्री अशफाक सैफी, महानगर महासचिव जहीर अहमद, 125 कैंट विधानसभा अध्यक्ष फरमान अली और महानगर मीडिया प्रभारी यूनुस चिश्ती समेत अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
