मुरादाबाद के समाथल गांव में देर रात शव मिलने से मचा हड़कंप, परिजनों ने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया; पुलिस जांच में जुटी
मुरादाबाद: पाकबड़ा थाना क्षेत्र के समाथल गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रविवार देर रात करीब पौने दो बजे अयान का शव पड़ोस में रहने वाले रहीश के घर से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चार साल से समाथल गांव में रह रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, अयान का परिवार मूल रूप से अमरोहा जिले के डिडौली क्षेत्र का रहने वाला है। परिवार पिछले चार वर्षों से समाथल गांव में रह रहा था। अयान केरल में एक सैलून पर काम करता था और इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था। परिजनों के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे अयान अचानक लापता हो गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। तलाश के दौरान पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले रहीश के घर से अयान का शव बरामद किया।
परिजनों ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप
अयान के परिजनों ने उसकी गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। प्रारंभिक जानकारी में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, हत्या की वजह क्या थी और घटना में किसकी भूमिका है, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिस घर से शव मिला, वहां परिवार के सदस्यों के मौजूद न होने की बात सामने आई है। पुलिस उनकी भूमिका समेत मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
