बरेली: सीबीगंज थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव में शुक्रवार रात एक फैक्टरी कर्मचारी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोप है कि गांव के ही ललित कुमार उर्फ ओमी ने कर्मचारी पर तमंचे से दो फायर किए। इनमें से एक गोली उनके सिर में लगी, जबकि दूसरी छूकर निकल गई। घायल को भोजीपुरा स्थित एक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के पीछे करीब एक साल पुराने छेड़खानी के मुकदमे को लेकर रंजिश की बात सामने आई है।
दावत से लौटते समय मंदिर के पास मारी गोली
मथुरापुर गांव निवासी 37 वर्षीय कर्मचारी परसाखेड़ा स्थित एक प्लाईवुड फैक्टरी में काम करते हैं। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब दस बजे वह गांव में दावत खाने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान दुर्गा माता मंदिर के पास पहले से मौजूद ललित कुमार उर्फ ओमी ने कथित तौर पर उन पर तमंचे से दो फायर कर दिए। गोली लगने से कर्मचारी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल के परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई।
पुराने छेड़खानी के मुकदमे को लेकर रंजिश का आरोप
पुलिस के अनुसार, घायल कर्मचारी की पत्नी ने करीब एक साल पहले ललित कुमार के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि ललित महिला और उसके परिवार पर मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना रहा था। महिला के समझौता करने से इनकार करने के बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश बनी हुई थी। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते कर्मचारी पर हमला किया गया। हालांकि, वारदात के पीछे की वजह और घटनाक्रम की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
सीओ और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना पर सीओ द्वितीय नितिन कुमार और थाना प्रभारी विनोद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित लोगों से जानकारी जुटाई। सीओ द्वितीय नितिन कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल कर्मचारी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और मामले की जांच में जुटी है।
