हरियाणा के मधुबन में आयोजित 75वें ऑल इंडिया पुलिस रेसलिंग क्लस्टर 2026-27 की आर्म -रेसलिंग प्रतियोगिता में हासिल की उपलब्धि, एसएसपी अनुराग आर्य ने दी बधाई
बरेली : यूपी की बरेली पुलिस लाइन में तैनात महिला हेड कांस्टेबल वंदना ने राष्ट्रीय स्तर की पुलिस खेल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर बरेली पुलिस का गौरव बढ़ाया है।हरियाणा के मधुबन (करनाल) में आयोजित 75वें ऑल इंडिया पुलिस रेसलिंग क्लस्टर 2026-27 में वंदना ने आर्म-रेसलिंग के 65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
65 किलोग्राम भार वर्ग में हासिल किया स्वर्ण पदक
प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न पुलिस बलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। आर्म-रेसलिंग के 65 किलोग्राम भार वर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस का प्रतिनिधित्व कर रहीं वंदना ने अपने प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हरियाणा पुलिस की प्रोमिला ने रजत और पंजाब पुलिस की रवनीत कौर ने कांस्य पदक हासिल किया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने दी बधाई
वंदना की इस उपलब्धि पर बरेली पुलिस में खुशी का माहौल है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वंदना के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
मेहनत और लगन से बढ़ाया पुलिस का मान
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतना वंदना की खेल प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर मेहनत को दर्शाता है। उनकी सफलता से बरेली पुलिस का सम्मान बढ़ा है। यह उपलब्धि पुलिस विभाग में कार्यरत अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
