साथी से गाली-गलौज का विरोध करने पर बढ़ा विवाद, लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग का आरोप, घायल युवक ने आरोपी से छीनी रिवॉल्वर, मारपीट में आरोपी के सिर पर भी आई गंभीर चोट
बरेली: यूपी के बरेली जिले के फरीदपुर में दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित मुंशी ढाबे पर विवाद के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि साथी के साथ गाली-गलौज का विरोध करने पर खाद व्यापारी के 30 वर्षीय बेटे अंकित गुप्ता पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोलियां चलाई गईं। इस घटना में अंकित के हाथ में तीन गोलियां लगने की बात सामने आई है। जिसके चलते वह घायल हो गया। वहीं, विवाद के दौरान फायरिंग के आरोपी राजेश प्रताप सिंह के सिर में भी गंभीर चोट आई है।दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बरेली रेफर किया गया, जहां उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने खाद व्यापारी की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
साथी से गाली-गलौज के विरोध पर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरीदपुर निवासी खाद व्यापारी अमरपाल गुप्ता का 30 वर्षीय बेटा अंकित गुप्ता सोमवार रात अपने साथी प्रेम शर्मा के साथ दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित मुंशी ढाबे पर खाना खाने गया था। आरोप है कि वहां खल्लपुर निवासी राजेश प्रताप सिंह पहले से मौजूद था और शराब के नशे में था। बताया गया है कि राजेश ने प्रेम शर्मा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। अंकित ने बीच -बचाव करते हुए विवाद को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन मामला बढ़ता चला गया। देखते ही देखते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।
लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर फायरिंग का आरोप
बताया जाता है कि खाद व्यापारी अमरपाल गुप्ता की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान राजेश प्रताप सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर अंकित पर फायरिंग कर दी। इस दौरान तीन गोलियां अंकित के हाथ में लगीं। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।अचानक हुई फायरिंग से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।हालांकि, फायरिंग के पूरे घटनाक्रम और विवाद की परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। इस मामले में फरीदपुर इंस्पेक्टर से अधिकारिक जानकारी की कोशिश की गई। मगर, फोन न उठने से संपर्क नहीं हो सका।
घायल अंकित ने आरोपी से छीनी रिवॉल्वर, पुलिस को सौंपी
तहरीर के मुताबिक, फायरिंग के बाद घायल अंकित ने किसी तरह राजेश से रिवॉल्वर छीन ली।इसके बाद उसने रिवॉल्वर अपनी गाड़ी में रखी और उपचार के लिए फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल अंकित से पूछताछ कर घटनाक्रम की जानकारी ली। अंकित ने आरोपी से छीनी गई लाइसेंसी रिवॉल्वर पुलिस को सौंप दी। पुलिस अब घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और फायरिंग से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
आरोपी के सिर में भी गंभीर चोट, दोनों घायलों को बरेली किया रेफर किया
इस घटना के कुछ समय बाद राजेश प्रताप सिंह भी घायल अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। उसके सिर में गंभीर चोट बताई गई है। चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया और उनकी स्थिति को देखते हुए बरेली रेफर कर दिया। दोनों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राजेश के सिर में चोट किन परिस्थितियों में लगी और विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच क्या हुआ, यह भी पुलिस की जांच का हिस्सा है।
खाद व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
घटना के बाद अंकित के पिता और खाद व्यापारी अमरपाल गुप्ता ने फरीदपुर थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर राजेश प्रताप सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के दौरान फायरिंग, मारपीट, लाइसेंसी रिवॉल्वर के इस्तेमाल और दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल इस घटना में दो लोग घायल हैं और दोनों का उपचार चल रहा है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद की पूरी वजह,फायरिंग की परिस्थितियों और घटना में दोनों पक्षों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
