हर्निया सर्जरी के दौरान आंत कटने से बिगड़ी हालत, लापरवाही का आरोप, परिजनों ने पुलिस से की शिकायत
गाजियाबाद/लखनऊ : यूपी के गाजियाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में कौशांबी में एक युवक की रोबोटिक सर्जरी के बाद मौत हो गई। इसने चिकित्सा लापरवाही पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। मृतक युवक की पहचान 35 वर्षीय उज्ज्वल के रूप में हुई है, जो हर्निया और मोटापे की समस्या से पीड़ित था। परिजनों का आरोप है कि रोबोटिक सर्जरी (ऑपरेशन) के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही से उज्ज्वल की आंत कट गई। जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार मौत हो गई।
26 मई को हुई थी सर्जरी, 29 को दोबारा ऑपरेशन
परिजनों के अनुसार, 26 मई को उज्ज्वल का रोबोटिक असिस्टेड हर्निया सर्जरी किया गया। ऑपरेशन के दौरान ही आंत कट जाने की सूचना दी गई, लेकिन अस्पताल ने कहा कि स्थिति को वहीं सुधार लिया गया था। इसके बावजूद, अगले दो दिनों में उज्ज्वल को पेट में दर्द, सूजन और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। उसे ICU में भर्ती किया गया और 29 मई को दोबारा सर्जरी की गई। जिसमें आंत में छेद और गंभीर संक्रमण मिला।
अस्पताल का पक्ष, संक्रमण और मल्टी ऑर्गन फेल्योर से गई जान
निजी अस्पताल की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मरीज को बड़े अवरुद्ध हर्निया और गंभीर मोटापे की समस्या थी। 26 मई को सफलतापूर्वक रोबोटिक सर्जरी की गई थी, लेकिन पोस्ट ऑपरेटिव फेज में पर्पोरेशन पेरीटोनाइटिस की स्थिति बन गई। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन सेप्सिस और मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण मरीज को बचाया नहीं जा सका। अस्पताल ने घटना पर शोक जताते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
परिजनों ने शव को अस्पताल में रखकर किया प्रदर्शन
मौत की खबर के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में शव को रखकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि डॉक्टरों की लापरवाही उज्ज्वल की मौत की वजह बनी और उन्होंने दोषी डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच शुरू, स्वास्थ्य विभाग की निगरानी भी संभव
परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। इस बीच, स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी मामले की स्वतंत्र समीक्षा की संभावना जताई जा रही है। परिजनों की मांग है कि घटना की निष्पक्ष मेडिकल जांच कराई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही न हो।
![]()
