हल और हुक्के के साथ सपा प्रमुख से मिले अन्नदाता, 2027 में सपा को बहुमत दिलाने का संकल्प
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से सोमवार को सपा प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों और विभिन्न खापों के चौधरियों ने मुलाकात की। इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल भी मौजूद रहे। किसानों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों की अपनी पार्टी है और 2027 का विधानसभा चुनाव किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने इसे किसानों के भविष्य से जुड़ा चुनाव बताया। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में किसानों को खाद और बीज की समस्या का सामना करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि जब किसानों को खाद की जरूरत होती है, तब खाद की कमी हो जाती है और मांग करने पर किसानों को आंदोलन का सामना करना पड़ता है। सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में कमीशनखोरी और मुनाफाखोरी बढ़ी है तथा बिचौलियों का प्रभाव है। उनके मुताबिक किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और भाजपा का मूल चरित्र किसान विरोधी रहा है।
सपा सरकार बनी तो 24 घंटे में गन्ने का भुगतान का दावा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों के लिए कई कदम उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसानों के गन्ने के मूल्य का भुगतान 24 घंटे में किया जाएगा। उन्होंने किसानों को भरपूर बिजली उपलब्ध कराने के साथ खाद, बीज, पानी और सिंचाई की समुचित व्यवस्था करने की बात कही। अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को खाद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और उनकी फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाया जाएगा। उन्होंने किसानों के मुफ्त इलाज की भी बात कही। साथ ही कहा कि इथेनॉल से होने वाले लाभ में किसानों की हिस्सेदारी होनी चाहिए।
गांवों के विकास को प्राथमिकता देने का वादा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गांवों के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी और किसानों के हित में फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए किसान सर्वोपरि है।।अखिलेश यादव ने अपनी पिछली सरकारों में किसानों के हित में लिए गए फैसलों का भी उल्लेख किया और कहा कि किसान आज भी उन फैसलों को याद करते हैं।
खाप चौधरियों ने जताया अखिलेश पर भरोसा
मुलाकात के दौरान किसानों ने अखिलेश यादव पर भरोसा जताते हुए कहा कि वे कृषि और कृषक परिवारों की समस्याओं से परिचित हैं। किसानों ने उनके मुख्यमंत्रित्वकाल में खेती का बजट बढ़ाए जाने और किसानों को सुविधाएं दिए जाने का भी उल्लेख किया।
अखिलेश को भेंट किया हल और हुक्का

मुलाकात के दौरान बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर के चौधरी वीरेंद्र प्रधान ने अखिलेश यादव को हल भेंट किया। वहीं बागपत के किसानों ने अपने पारंपरिक हुक्के के साथ उनसे मुलाकात की। इन प्रतीकों के जरिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश की किसान राजनीति और खाप प्रतिनिधित्व का संदेश सामने आया।
कई खापों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

एसपी चीफ अखिलेश यादव से मुलाकात करने वालों में सिवाल खास मेरठ के सपा नेता गौरव चौधरी, खोकर खाप के चौधरी सुभाष खोकर, बागपत, मान खाप के चौधरी मोहन लाल मान छपरौली, मलिक खाप के चौधरी आजाद मलिक बागपत, दांगी खाप के चौधरी धर्मपाल (बीकेटी), किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव मेरठ कपिल पूनिया, छपरौली के महिपाल सिंह मान, मेरठ के अनुज पूनिया, छपरौली के प्रमोद, चौधरी रामवीर प्रधान जी पूरा महादेव, चौधरी कल्लू डीलर पूरा महादेव, उर्मिला चौधरी मेरठ, जयवीर बालियान पहलवान, रवि बालियान और चौधरी वीरेंद्र बालियान प्रधान समेत अन्य लोग शामिल रहे।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
