एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा की औचक छापेमारी में पकड़े गए पांच वाहन, कोतवाली पुलिस की हिरासत में खड़े कराए गए, राजस्व विभाग ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
बरेली : यूपी के बरेली देहात की तहसील आंवला क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा के नेतृत्व में शुक्रवार देर शाम की गई औचक छापेमारी में अवैध खनन में लगे 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया गया। कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में खलबली मच गई। जानकारी के मुताबिक, एसडीएम को कस्बा क्षेत्र में अवैध खनन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की।प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा -तफरी मच गई। टीम ने घेराबंदी कर अवैध खनन में इस्तेमाल किए जा रहे पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को अपने कब्जे में ले लिया।
पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त
प्रशासन द्वारा जब्त किए गए वाहनों में एक पावर ट्रैक और चार सोनालिका कंपनी के ट्रैक्टर शामिल बताए गए हैं। एसडीएम के निर्देश पर सभी वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कोतवाली आंवला पुलिस की हिरासत में खड़ा कराया गया है।
राजस्व विभाग ने शुरू की कार्रवाई
इस मामले में राजस्व विभाग की ओर से भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बताया गया है कि लेखपाल राहुल शर्मा ने घटना के संबंध में कोतवाली आंवला पुलिस को रिपोर्ट सौंप दी है।रिपोर्ट के आधार पर संबंधित वाहन मालिकों और अवैध खनन से जुड़े लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
अवैध खनन पर एसडीएम की सख्त चेतावनी
एसडीएम आंवला सुशील कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में किसी भी तरह का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।प्रशासन की ओर से इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि तहसील क्षेत्र में अवैध खनन पर शिकंजा कसने की तैयारी है। अब कार्रवाई के बाद संबंधित वाहन मालिकों और खनन से जुड़े लोगों पर आगे क्या कानूनी कार्रवाई होती है, इस पर नजर रहेगी।
