आंवला में दूसरे व्यक्ति के नाम पर फर्म बनाकर फर्जी बिलों से ITC लेने का आरोप, पुलिस जांच में सामने आए पिता-पुत्र के नाम
बरेली : जिले में फर्जी फर्मों के जरिए जीएसटी चोरी और फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) लेने के मामलों का सिलसिला लगातार सामने आ रहा है। ताजा मामला आंवला क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति के नाम पर कथित तौर पर फर्जी फर्म बनाकर करीब तीन करोड़ रुपये का अनुचित जीएसटी लाभ लेने का आरोप है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी सुभाष गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनका बेटा प्रशांत गुप्ता फरार बताया जा रहा है। आंवला के सीओ हेमंत उपाध्याय के अनुसार, राज्य कर अधिकारी खंड-प्रथम शेषनाथ रावत की ओर से 14 जून को इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शुरुआती शिकायत में अरविंद कुमार के खिलाफ फर्जीवाड़े के जरिए जीएसटी का अनुचित लाभ लेने का आरोप लगाया गया था।
जांच में बदला मामले का पूरा घटनाक्रम
पुलिस जांच के दौरान अरविंद कुमार की भूमिका संदिग्ध नहीं पाई गई और उनकी नामजदगी गलत होने की बात सामने आई। इसके बाद जांच आगे बढ़ाई गई, तो इज्जतनगर थाना क्षेत्र के जीएन सिटी-मठ लक्ष्मीपुर निवासी सुभाष गुप्ता और उनके बेटे प्रशांत गुप्ता के नाम सामने आए।।पुलिस के मुताबिक, अरविंद कुमार मूल रूप से बरेली के शास्त्रीनगर वार्ड-72 के रहने वाले हैं और वर्तमान में रामपुर जिले के घेरबाज खान क्षेत्र में रह रहे हैं। आरोप है कि पिता-पुत्र ने अरविंद कुमार के नाम पर फर्जी फर्म तैयार कर उसका इस्तेमाल किया।
फर्जी बिलों के जरिए करोड़ों का ITC लेने का आरोप
जांच में आरोप है कि बिना वास्तविक माल की आपूर्ति या प्राप्ति के फर्जी बिल तैयार कर इनपुट टैक्स क्रेडिट का अनुचित लाभ लिया गया। इस कथित फर्जीवाड़े के जरिए करीब तीन करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी अथवा अनुचित लाभ लेने का मामला सामने आया है। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी सुभाष गुप्ता ने कथित तौर पर बताया कि उसने बेटे प्रशांत के कहने पर फर्म बनाई थी। हालांकि मामले के अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।
जिसके नाम पर फर्म बनी, उसे नहीं थी जानकारी
पुलिस के अनुसार, अरविंद कुमार को कथित तौर पर इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनके नाम का इस्तेमाल कर फर्म बनाकर करोड़ों रुपये का कारोबार और जीएसटी से जुड़ा फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। जांच के बाद पुलिस ने मामले में वास्तविक आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया है। सीओ हेमंत उपाध्याय ने मीडिया को बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुभाष गुप्ता के कब्जे से एक मोबाइल फोन और पैन कार्ड भी बरामद किया गया है। वहीं फरार आरोपी प्रशांत गुप्ता की तलाश में पुलिस कार्रवाई कर रही है।
बरेली मंडल में लगातार सामने आ रहे GST फर्जीवाड़े
बरेली मंडल में पिछले कुछ समय से फर्जी फर्मों, फर्जी बिलों और करोड़ों रुपये के जीएसटी फर्जीवाड़े के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। जीएसटी विभाग और पुलिस ऐसे मामलों की जांच कर कार्रवाई कर रहे हैं। आंवला का यह मामला भी इसी कड़ी में एक बड़ा मामला माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े दस्तावेजों, फर्म के लेन-देन तथा कथित जीएसटी फर्जीवाड़े की विस्तृत जांच की जा रही है।
